पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते वाराणसी सहित पूर्वांचल के 10 जनपद शीतलहर और गलन की चपेट में आ गए हैं। धूप न निकलने और कोहरा छाए रहने से परेशानी और बढ़ गई।चार दिन तक मौसम इसी तरह रहने के बाद गलन और बढ़ने के आसार हैं।
ठंड के चलते मंगलवार को वाराणसी में सात, बलिया और मऊ में एक-एक की मौत हो गई। सोनभद्र पांच डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा। पूर्वांचल के वाराणसी, बलिया, सोनभद्र, गाजीपुर, मऊ, आजमगढ़, मिर्जापुर, जौनपुर, चंदौली और भदोही जिले के लोग कड़ाके की ठंड से बेहाल हैं।
दिनभर कोहरा और बदली छाए रहने से गलन बढ़ गई। कुछ जिलों में धूप निकली लेकिन गलन के आगे बेअसर रही। कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात बाधित रहा। मंगलवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 12.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा।