Varanasi News: शिव की नगरी काशी सोमवार को कृष्ण की भक्ति में डूबी रही। इस्कॉन मंदिर के साथ तमाम मठ-मंदिरों सहित थानों-चौकियों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का आयोजन हुआ। स्कूलों और कॉलेजों में झांकियों का आयोजन हुआ। कार्यक्रम के माध्यम से श्रीकृष्ण की मनोहारी लीला का मंचन हुआ।
विज्ञापन
1 of 12
महामना की बगिया बीएचयू में श्रीकृष्ण और राधा के मंचन ने मोहा जन मन।
- फोटो : अमर उजाला
काशीपुराधिपति की नगरी सोमवार को भगवान कृष्ण के रंग में रंग गई। अष्टमी तिथि, रोहिणी नक्षत्र और सोमवार पर बने जयंती योग में लड्डू गोपाल ने जैसे ही जन्म लिया, घर की चौखट से गंगा के घाट तक नंद घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल की... के जयकारे से गूंज उठे। आदिविश्वेश्वर के धाम से लेकर शहर के मठ-मंदिरों और घरों में नटवर नागर के जन्म का उत्साह देखते ही बन रहा था।
विज्ञापन
2 of 12
काशी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी।
- फोटो : अमर उजाला
सोमवार की सुबह से ही शिव की नगरी पूरी तरह से कृष्णमय हो चुकी थी। घरों में जहां सोहर गूंज रहे थे तो वहीं मंदिरों में हरेकृष्णा महामंत्र का जाप हो रहा था। घरों में जगह-जगह लड्डू गोपाल की झांकी सजाई गई थी। कहीं शिव स्वरूप में कान्हा तो कहीं बुलडोजर पर तो कहीं रोपवे पर सवार भक्तों का मन मोह रहे थे।
विज्ञापन
3 of 12
काशी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी।
- फोटो : अमर उजाला
अशोक की पत्तियों और करौंदे से कदंब की डाल सजी थी तो छोटे-छोटे खिलौने भी लड्डू गोपाल के स्वागत में सजाए गए थे। घड़ी की सुइयों ने जैसे 12 बजाए तो शंख ध्वनि, डमरू, घंटा और घड़ियाल की ध्वनि के बीच लड्डू गोपाल ने जन्म लिया। अभिषेक के बाद लड्डू गोपाल को माखन मिश्री का भोग लगाकर प्रसाद का वितरण किया गया। बरेका में भी धूमधाम से जन्माष्टमी का पर्व मनाया गया।
4 of 12
काशी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी।
- फोटो : अमर उजाला
भगवान को लगाया 108 से अधिक व्यंजनों का भोग
हरे कृष्ण हरे राम संकीर्तन सोसाइटी की ओर से लड्डू गोपाल का जन्मोत्सव मनाया गया। भगवान का पंचामृत स्नान कराने के साथ ही 108 से अधिक व्यंजनों का भोग लगाया गया। भोर में मंगला आरती से दूसरे दिन के उत्सव की शुरुआत हुई। शाम को तुलसी महारानी की आरती के बाद चैतन्य महाप्रभु की गौर आरती एवं हरेकृष्ण महामंत्र संकीर्तन से पूरा माहेश्वरी भवन कृष्णमय हो गया।
विज्ञापन
5 of 12
काशी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी।
- फोटो : अमर उजाला
अक्षयवट हनुमान मंदिर में विराजे बाल गोपाल
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में विराजमान अक्षयवट हनुमान मंदिर के अर्चकगणों ने प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी भाद्र मास के अष्टमी तिथि पर सोमवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव बहुत ही धूमधाम से मनाया। मध्यरात्रि लग्नानुसार नटवर नागर का जन्मोत्सव वैदिक मंत्रों के साथ अर्चक अंकित मिश्रा ने मनाया। श्रीकृष्ण का पंचामृत स्नान कराके नूतन वस्त्र धारण कराया गया।
विज्ञापन
6 of 12
काशी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी।
- फोटो : अमर उजाला
गोवर्धन धाम मंदिर में मनाया गया जन्माष्टमी का महामहोत्सव
गोवर्धन धाम मंदिर नमो घाट में हर्षोल्लास के साथ श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महामहोत्सव मनाया गया। नमो घाट स्थित गोवर्धनधारी जी के मंदिर में सजावट के साथ नंदलाल जी को छप्पन भोग का प्रसाद लगाया गया। चांदी के पालने पर नंदलाल जी को बैठाया गया था। रात्रि 12:00 बजे लड्डू गोपाल जी का पंचामृत से अभिषेक भी किया गया।
विज्ञापन
7 of 12
काशी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी।
- फोटो : अमर उजाला
गोवर्धन पूजा समिति के अध्यक्ष विनोद यादव गप्पू ने केसरिया साफा बांधकर अतिथियों को सम्मानित किया। संचालन महामंत्री पारस यादव पप्पू ने किया। इस दौरान महापौर अशोक तिवारी, शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, अंबरीश सिंह भोला, गोपाल जी यादव मौजूद रहे।
8 of 12
काशी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी।
- फोटो : अमर उजाला
अन्याय,अहंकार एवं अत्याचार के शमन करने का पर्व है जन्माष्टमी
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि जन्माष्टमी का महापर्व अन्याय, अहंकार एवं अत्याचार को शमन करने का पर्व है। जन्माष्टमी भगवान कृष्ण के अवतार और उनके जीवन की महिमा को स्मरण कराती है।
वह सोमवार को विश्वविद्यालय परिसर के वाग्देवी मंदिर में आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम के प्रारंभ में कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने विश्वकल्याण, संस्कृत व विश्वविद्यालय के अभ्युदय और स्वस्थ समाज के सृजन की मनोकामना के साथ वैदिक विधि पूर्वक से भगवान श्रीकृष्ण जी एवं मां वाग्देवी जी की पूजा आराधना तथा आरती उतारी।
9 of 12
काशी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी।
- फोटो : अमर उजाला
जन्माष्टमी पर गोशालाओं में गायों की पूजा की गई
जन्माष्टमी पर सभी गोशालाओं में पशुपालन विभाग की ओर से गायों की पूजा की गई। सभी गायों को गुड़, चना और केला खिलाया गया। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी बीपी पाठक ने बताया कि सीडीओ के निर्देश पर प्रजनन योग्य अच्छी नस्ल की 25 गायों को विभिन्न गोशालाओं रखा गया है। इसकी मदद से अच्छी नस्ल की गायों को तैयार किया जाएगा और दूध उत्पादन को बढ़ाकर गौशाला को आत्मनिर्भर बनाया जाएगा।
10 of 12
काशी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी।
- फोटो : अमर उजाला
जन्माष्टमी पर निकाली गई महिला सुरक्षा जागरूकता रैली
नई सुबह एक उम्मीद सामाजिक संस्था की ओर से सोमवार को नरिया वार्ड में जन्माष्टमी पर महिला सुरक्षा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। लोगों को अपनी बेटियों की सुरक्षा के लिए जागरूकता रैली निकाली।
महिलाओं ने हैंड स्टिक स्लोगन के माध्यम से - सुनो द्रोपदी शस्त्र उठा लो, अब तुम्हें बचाने गोविंद न आएंगे। निर्भया करती चीख पुकार, फिर भी चुप क्यों है सरकार... आदि नारे लगाकर लोगों को महिलाओं की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस दौरान अध्यक्ष ममता, आशा यादव, श्याम प्यारी, आरती देवी मौजूद रहीं।
11 of 12
काशी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी।
- फोटो : अमर उजाला
मणि मंदिर में जन्माष्टमी पर बजी शहनाई
जन्माष्टमी के अवसर पर दुर्गाकुंड स्थित मणि मंदिर (धर्मसंघ) में सोमवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की धूम रही। विविध आयोजनों से संपूर्ण परिसर दिन भर चहकता रहा। जन्मोत्सव पर मणि मंदिर में प्रातः काल से ही पूजन अर्चन शुरू हो गया। सर्वप्रथम ठाकुर जी का विशिष्ट शृंगार किया गया।
उसके पश्चात विशाल नर्वदेश्वर शिवलिंग का भी महाकाल शृंगार किया गया। मध्यरात्रि धर्मसंघ पीठाधीश्वर स्वामी शंकरदेव चैतन्य ब्रह्मचारी महाराज के सानिध्य में प्रभु श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया।
बांसफाटक सत्यनारायण मंदिर में स्थापना दिवस पर कार्यक्रम।
- फोटो : अमर उजाला
श्याम मंदिर में मनाया गया नटवर नागर का जन्मोत्सव
लक्सा स्थित श्री श्याम मंदिर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर श्री श्याम मंडल की ओर से खाटू श्याम का जन्म उत्सव मनाया गया। श्याम प्रभु की रंग बिरंगे सुगंधित फूलों से झांकी सजाई गई। मंदिर परिसर में खिलौनों से भगवान का स्वरूप सजाया गया। गुब्बारों, फूलों और लाइटों से मंदिर परिसर को सजाया गया। संयोजन में संस्था के अध्यक्ष दीपक बजाज, अजय खेमका, संदीप शर्मा कानू, सुरेश तुलस्यान मौजूद रहे।