वाराणसी के ज्ञानवापी मस्जिद के सर्वे के बाद जुमे की नमाज अदा करने के लिए गहमागहमी बनी रही। मैदागिन से गोदौलिया तक का इलाका पूरी तरह से छावनी में तब्दील रहा। नमाजियों ने अल्लाह की बारगाह में शुक्र का सजदा किया और देश में अमन चैन की दुआ भी मांगी। अंजुमन इंतजामिया मसाजिद कमेटी की अपील के बाद भी भारी संख्या में नमाजी नमाज अदा करने पहुंचे।
हालत यह हो गई कि नमाज के घंटे भर पहले ही ज्ञानवापी मस्जिद नमाजियों से भर गई और बाहर कतार में खड़े नमाजियों को वापस लौटाना पड़ा। मस्जिद में तकरीबन 15 सौ से अधिक नमाजियों ने नमाज अदा की। मसाजिद कमेटी के सदस्यों ने परिसर के अंदर और बाहर व्यवस्था की पूरी कमान संभाल रखी थी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आम तौर पर ज्ञानवापी मस्जिद में इतनी भीड़ नहीं होती है। इस बार ज्ञानवापी मस्जिद का मुद्दा गरमाया हुआ है, इसलिए जुमे की नमाज के दौरान इतनी बड़ी संख्या में नमाज पढ़ने लोग आए। जिला प्रशासन की ओर से मस्जिद में वजू के लिए भी व्यवस्था कराई गई थी। किसी तरह का हंगामा नहीं हुआ।