फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तस्वीरों में देखें देव दीपावली: लाखों दीप, लेजर शो और सजी काशी नगरी, शुभ अवसर पर दिखा अलौकिक नजारा

Mon, 07 Nov 2022 10:55 PM IST
उत्पल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी
विज्ञापन
1 of 16
देव दीपावली की भव्यता - फोटो : अमर उजाला
तीनों लोक से न्यारी काशी में गंगा के तट पर दीपों की ज्योतिगंगा प्रवाहमान हो उठी। सात किलोमीटर के दायरे में दोनों छोरों पर सजी दीपों की आभा गंगा की लहरों पर सुनहरी आभा बिखेर रही थीं। गंगा के तट से लेकर पंचक्रोशी परिक्रमा के पथ पर दीप सजाए गए। श्री काशी विश्वनाथ धाम की पहली देव दीपावली पर पूरे परिसर को 50 टन फूलों से सजाया गया था।  सोमवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर देवाधिदेव महादेव की नगरी जगमगा उठी। पीएम मोदी ने भी ट्विटर पर काशी देव दीपावली की फोटो साझा किया। 

शाम को 5:15 बजे मां गंगा के अर्द्धचंद्राकार घाटों पर 10 लाख दीपों की आभा की रंगत हर किसी को देवलोक का आभास करा रही थी। लाखों दीपों की माला पहने हुए अर्द्धचंद्राकार घाटों पर ऐसा महसूस हो रहा था कि मां गंगा के आंचल में आसमान के सितारे उतर आए हों। आजादी के अमृत महोत्सव को समर्पित देव दीपावली की नयनाभिराम छटा को कैमरों में कैद करने की पर्यटकों में होड़ रही। 
विज्ञापन

2 of 16
देव दीपावली की भव्यता - फोटो : अमर उजाला
देव दीपावली पर गंगा और वरुणा के घाटों के साथ-साथ शहर और देहात के कुंड, सरोवर, तालाब, पोखरा, मंदिर आदि स्थानों पर दीप जलाए गए। कई जगहों पर भव्य आरती के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। 


विज्ञापन

3 of 16
देव दीपावली की भव्यता - फोटो : अमर उजाला
चेतसिंह घाट पर पहली बार थ्री डी प्रोजेक्शन मैपिंग लेजर शो के जरिए पुराणों की कहानियां जीवंत हुईं। गंगा की गोद में शिव भजनों का लेजर और लाइट मल्टीमीडिया शो होगा। श्री काशी विश्वनाथ धाम के सामने ग्रीन पटाखों की छटा भी पर्यटकों को लुभा रही थी। 

4 of 16
देव दीपावली की भव्यता - फोटो : अमर उजाला
देव दीपावली पर गंगा सेवा निधि की ओर से आयोजित मां गंगा की महाआरती शहीदों को समर्पित रही। अमरवीर योद्धाओं अश्वनी कुमार यादव और धरम देव कुमार को मरणोपरांत भगीरथ शौर्य सम्मान से सम्मानित किया गया। कारगिल विजय युद्ध के सेनानायक ले. जनरल मोहिंदर पुरी को भगीरथ अलंकरण से सम्मानित किया गया।  दशाश्वमेध घाट पर 21 बटुक और 51 देव कन्याओं ने मां भगवती गंगा की महाआरती की। 
विज्ञापन

5 of 16
देव दीपावली की भव्यता - फोटो : अमर उजाला
15 फुट ऊंची भव्य अमर जवान ज्योति की अनुकृति पर संस्था के कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी ने संस्था की तरफ से रिथलेईंग की। 39जीटीसी के जवानों व संस्था के सदस्यों ने आकाश दीप प्रज्ज्वलित कर समापन किया। कार्यक्रम की शुरूआत प्रो. रेवती साकलकर ने भजन संगीत एवं राष्ट्र गीत की प्रस्तुति दी। 
विज्ञापन

6 of 16
देव दीपावली की भव्यता - फोटो : अमर उजाला
गंगोत्री सेवा समिति की ओर से दशाश्वमेध घाट पर देव दीपावली महोत्सव की शुरुआत मां गंगा के षोडशोपचार पूजन से हुई। मां गंगा की 108 किलो की प्रतिमा को 108 किलो फूलों से सजाया गया था। पं. किशोरी रमण दुबे उर्फ बाबू महाराज ने भूदेवों के साथ वेद की ऋचाओं के पाठ के साथ पूजन की शुरुआत की। पूजन के बाद मां गंगा का दूध से अभिषेक किया गया। इसके बाद 21 भूदेवों ने 42 रिद्धि-सिद्धि के साथ गंगा की महाआरती शुरू की। 
विज्ञापन

7 of 16
देव दीपावली की भव्यता - फोटो : अमर उजाला
अस्सी घाट पर जान्हवी सेवा समिति की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। तुलसी घाट पर संकट मोचन फाउंडेशन की ओर से विशेष गंगा आरती हुई। जैन घाट को अखिल भारतीय रौनियार वैश्य महासभा की ओर से दीपों से सजाया गया था। गंगा पार रेती पर भी दीपों का तारामंडल जगमगा उठा। 

8 of 16
देव दीपावली की भव्यता - फोटो : अमर उजाला
बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों द्वारा तीन किलोमीटर के क्षेत्र में दीपों की मड़ी माला सजाई गई। गायत्री रचनात्मक परिवार ट्रस्ट को राजघाट और मालवीय ब्रिज के बीच घाटों पर दीप जलाए गए। 

9 of 16
देव दीपावली की भव्यता - फोटो : अमर उजाला
देव दीपावली का अहसास शहर में पहुंचने वालों को प्रवेश करते ही हो रहा था। एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन पर उतरने वाले यात्रियों का स्वागत किया गया गया। भीड़ का आलम यह था कि दोपहर बाद से ही घाट की ओर जाने वाले रास्तों को बंद कर दिया गया।

10 of 16
देव दीपावली की भव्यता - फोटो : अमर उजाला
दोपहर दो बजे के बाद दशाश्वमेध घाट की ओर जाने वाले रास्तों पर भीड़ इतनी ज्यादा हो गई कि पुलिस को बैरिकेडिंग करनी पड़ी। पर्यटकों को प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया और उनको दूसरे घाटों की ओर रवाना किया गया। 

11 of 16
देव दीपावली की भव्यता - फोटो : अमर उजाला
परंपराओं को जीवंत रखने वाली उत्सवधर्मी काशी में सोमवार दोपहर बाद ही दीपोत्सव के लिए लाखों की भीड़ गंगा तट की ओर चल पड़ी। शाम होने से पहले ही घाटों की सीढ़ियां आस्थावानों से खचाखच भर गईं।  पूरे उत्साह के साथ महिलाएं, बच्चे और युवा घाटों पर दीप सजाने के लिए उतरे। सुरसरि के घाटों पर कहीं स्वास्तिक तो कहीं ऊं नम: शिवाय तो कहीं हर-हर महादेव के स्लोगन दीपों की अल्पनाओं में प्रज्ज्वलित हुए।

12 of 16
देव दीपावली की भव्यता - फोटो : अमर उजाला
गंगा की लहरों पर फूलों से सजे नाव, बजड़े, ध्वज पताका घाटों के सौंदर्य में चारचांद लगा रहे थे। खास बात यह रही कि गंगा के दूसरे किनारे को भी दीप मालाओं जगमग कर दिया। देश के अलग-अलग शहरों से जुड़ी परंपराओं से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही काशी के नृत्य और संगीत की झलक भी घाटों पर बखूबी दिखी।

13 of 16
देव दीपावली की भव्यता - फोटो : अमर उजाला
देव दीपावली पर घाट की ओर जाने वाली सड़क पर जगह-जगह बैरीकेडिंग की गई थी। इसके बावजूद भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस परेशान रही। अस्सी घाट से लेकर राजघाट तक भीड़ इतनी अधिक हो गई कि लोगों में धक्का मुक्की होती रही। 

14 of 16
देव दीपावली की भव्यता - फोटो : अमर उजाला
काशी के घाटों पर दीपोत्सव का नजारा देखने वालों की भीड़ दोपहर से ही जुटने लगी। कोई दो पहिया से तो कोई चार पहिया से अपने परिवार के साथ देव दीपावली उत्सव में शामिल होने के लिए पहुंचा। अस्सी घाट जाने वाली सड़क के साथ ही सोनारपुरा, भदैनी, गोदौलिया आदि घाटों तक जाने वाले सभी रास्तों पर बैरीकेडिंग कराने के साथ ही यातायात पुलिस की टीम मुस्तैद रही। उधर घाट पर भी पुलिस के साथ ही पीएसी और एनडीआरएफ के जवान भी मुस्तैद रहे। 

15 of 16
काशी की देव दीपावली की छटा - फोटो : अमर उजाला
देव दीपावली पर विहंगम दृश्य को देखने के लिए लोगों ने नावों की बुकिंग पहले से करा रखी थी। सामान्य दिनों की तुलना में सोमवार को गंगा में नावों का संचालन अधिक रहा। शाम के समय नावों के साथ ही बजड़ा और क्रूज भी गंगा में अधिक दिखे। हालांकि जल पुलिस की ओर से सुरक्षा के लिहाज से गंगा में रस्सी से बैरीकेडिंग भी कराई गई थी लेकिन नाव अधिक होने से परेशानी हुई।
विज्ञापन

16 of 16
काशी की देव दीपावली की छटा - फोटो : अमर उजाला
पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश ने सोमवार की दोपहर में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसमें भैसासुर घाट से लेकर गोदौलिया चौराहा सहित अन्य जगहों पर पुलिस कमिश्नर ने निरीक्षण किया और अधिकारियों को श्रद्धालुओं की मदद करते रहने का भी निर्देश दिया। वह खुद भी लोगों से बातचीत कर उनका हाल जानते रहे। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें