फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PHOTOS: सोने के घाट, स्वर्ग सी काशी... 25 तस्वीरों में देखें काशी की दिव्य और भव्य देव दीपावली

Thu, 06 Nov 2025 12:48 PM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: देव दीपावली पर काशी सोने जैसी दमकी। अंसख्य दीपों की रोशनी से अर्धचंद्राकार तट नहा उठा। काशी के सभी 84 घाटों पर भारी संख्या में पर्यटक पहुंचे।
विज्ञापन
1 of 25
Dev Deepawali in varanasi - फोटो : अमर उजाला
देवों के धरा पर उतरने के पर्व देव दीपावली पर काशी बुधवार की शाम सोने जैसी दमक उठी। अंसख्य दीपों की रोशनी से सदानीरा का अर्धचंद्राकार तट जगमगा उठा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नमो घाट पर पहला दीप जलाकर देव दीपावली का शुभारंभ किया। 



पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, मेयर अशोक कुमार तिवारी ने भी दीप प्रज्ज्वलित कर मां गंगा को नमन किया। इसके बाद क्रूज पर सवार होकर मुख्यमंत्री समेत अन्य अतिथि मां गंगा की आरती के साथ ही घाटों पर सजी देव दीपावली के विहंगम नजारे के साक्षी बने। मुख्यमंत्री ने क्रूज से ही काशी की जनता और पर्यटकों का अभिवादन किया।
विज्ञापन

2 of 25
Dev Deepawali in varanasi - फोटो : अमर उजाला
दशाश्वमेध घाट पर अमर जवान ज्योति की अनुकृति से दी श्रद्धांजलि
धर्म के साथ राष्ट्रीयता का संदेश देते हुए दशाश्वमेध घाट पर अमर जवान ज्योति की अनुकृति स्थापित की गई। यहां पर कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। देव दीपावली महोत्सव को ऑपरेशन सिंदूर के नाम समर्पित किया गया, जिसमें देश की वीर माताओं के आंचल को नमन किया गया।
विज्ञापन

3 of 25
Dev Deepawali in varanasi - फोटो : अमर उजाला
25 लाख दीपों से जगमग हुए सभी घाट
इस बार 15 लाख दीपों का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन जन सहभागिता से यह संख्या बढ़कर 15 से 25 लाख दीपों तक पहुंच गई। इन दीपों में एक लाख गाय के गोबर से निर्मित पर्यावरण अनुकूल दीप भी शामिल थे। घाटों, तालाबों, कुंडों और देवालयों पर दीपों की शृंखला ने काशी को सुनहरी माला की तरह सजा दिया।

इसे भी पढ़ें; Varanasi News Today: वाराणसी में हादसे...चार की मौत, दुष्कर्म के आरोपी के पिता को किया अरेस्ट; पढ़ें खबरें

4 of 25
Dev Deepawali in varanasi - फोटो : अमर उजाला
चेतसिंह घाट पर काशी-कथा थ्रीडी शो बना आकर्षण का केंद्र
परंपरा के साथ आधुनिकता का संगम चेतसिंह घाट पर दिखा। यहां 25 मिनट का थ्रीडी प्रोजेक्शन मैपिंग शो ‘काशी-कथा’ हुआ। इसमें भगवान शिव-पार्वती विवाह, भगवान विष्णु की चक्र पुष्करिणी, भगवान बुद्ध के उपदेश, कबीर-दास और तुलसीदास की भक्ति परंपरा तथा महामना मदन मोहन मालवीय द्वारा स्थापित बीएचयू तक की यात्रा का दृश्य जीवंत किया गया।
विज्ञापन

5 of 25
Dev Deepawali in varanasi - फोटो : अमर उजाला
गंगा पार रेत पर ग्रीन क्रैकर्स शो ने बांधा समां
गंगा पार की रेत पर कोरियोग्राफ और सिंक्रोनाइज ग्रीन क्रैकर्स शो पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बने रहे। आसमान में गूंजती संगीतबद्ध आतिशबाजी और गंगा की लहरों पर प्रतिबिंबित रंगों ने दृश्य को और भी दिव्य बना दिया।
विज्ञापन

6 of 25
Dev Deepawali in varanasi - फोटो : अमर उजाला
महाआरती में आध्यात्मिकता के साथ राष्ट्रवाद की झलक
दशाश्वमेध घाट की महाआरती में 21 अर्चक और 42 देव कन्याओं ने रिद्धि-सिद्धि के रूप में आरती की। 21 क्विंटल फूलों और 51 हजार दीपों से सजे घाट पर जब शंखनाद और घंटा-घड़ियाल की ध्वनि गूंजी तो वातावरण में अद्भुत ऊर्जा का संचार हो गया। इस अवसर पर अमर वीर योद्धाओं को भगीरथ शौर्य सम्मान से नवाजा गया।
विज्ञापन

7 of 25
Dev Deepawali in varanasi - फोटो : अमर उजाला
काशी विश्वनाथ धाम में विशेष सजावट और आरती
देव दीपावली पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना हुई। बाबा के दरबार को फूलों और रोशनी से भव्य रूप में सजाया गया। धाम का पूरा परिसर दीपों की उजास से जगमगाता रहा।

8 of 25
Dev Deepawali in varanasi - फोटो : अमर उजाला
अस्सी घाट पर पांच घंटे में आए पांच लाख युवा
अस्सी घाट पर 5 घंटे में करीब 5 लाख युवा व अन्य भक्तों ने देव दीपावली मनाई। भीड़ ऐसी रही कि अस्सी पर दीपों की टिमटिमाहट तक फीकी पड़ गई। सीढि़यों पर दीयों के रखने की भी जगह नहीं बची। हालांकि वहां एक साथ शुरू हुईं मां गंगा की दो भव्य आरतियों, दीप-पुष्प की मनमोहक रंगोलियों और फायर एंड क्रैकर शो ने लोगों को घाट पर घंटों बनाए रखा। वहीं लोग तस्वीरें खिंचवाने के लिए ऐसे उमड़े कि अस्सी से रीवा घाट के बीच एक हजार दीये भी नहीं जल सके होंगे।

9 of 25
Dev Deepawali in varanasi - फोटो : अमर उजाला
अस्सी घाट पर ट्रॉफी लिए महिला विश्वकप विजेता टीम की मनमोहक रंगोली ने लोगों को देश पर गर्व करने सा एहसास कराया। जगतगंज पीजी कॉलेज की 10 छात्राओं ने 250 दीयों और 10 किलोग्राम पुष्प से भगवान विश्वनाथ का मुख उकेरा। बगल में ही शिव के 11वें रुद्र अवतार लेटे हुए बजरंग बली की मिट्टी की मूर्ति को भी रंगोली का रूप दिया गया था। भगवान शिव और हनुमान जी की टिमटिमाती रंगोली के साथ छात्राओं और महिलाओं में सेल्फी लेने की होड़ सी लगी रही।

10 of 25
Dev Deepawali in varanasi - फोटो : अमर उजाला
भीड़ नियंत्रण, लाइटिंग और साफ-सफाई की तारीफ
अस्सी पर सबसे ज्यादा भीड़ बीएचयू और इंजीनियरिंग-मेडिकल की तैयारी करने वाले छात्र और छात्राओं की रही। इसके अलावा छत्तीसगढ़, बिहार, एमपी, झारखंड आदि इलाकों से आए लोगों ने भीड़ रही। छत्तीसगढ़ से आए लोगों ने कहा कि ऐसी देव दीपावली नहीं देखी। भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग व्यवस्था, लाइटिंग और साफ-सफाई की जमकर तारीफ की।

11 of 25
Dev Deepawali in varanasi - फोटो : अमर उजाला
अस्सी पर तीन वाच टॉवर और महिला सिपाहियों की तैनाती
अस्सी घाट पर 5 लाख की भीड़ को कंट्रोल करने के लिए तीन वाच टॉवर बनाए गए थे, जिस पर 3-4 पुलिस वाले एक बार में तैनात रहे। गंगा महल से लेकर सुबह ए बनारस तक पुलिस का कड़ा पहरा रहा। इस दौरान नई सिपाही भर्ती में चयनित हुईं महिला सुरक्षाकर्मियों ने लोगों को कहीं एक जगह इकट्ठा होकर खड़ा होने नहीं दिया।

12 of 25
Dev Deepawali in varanasi - फोटो : अमर उजाला
दीपों की अनुकृतियों में भगवान बुद्ध व महावीर के संदेश, रंगोली में ऑपरेशन सिंदूर
दीपों की अनुकृतियों में भगवान बुद्ध, महावीर और गुरुनानक जैसे महापुरुषों और उनके संदेश लोगों तक पहुंचाए गए। बुंदी परकोटा घाट पर भगवान बुद्ध, जैन घाट पर भगवान महावीर की अनुकृतियां बनाई गई थीं। केंद्रीय देव दीपावली महासभा के अध्यक्ष आचार्य वागीश दत्त ने बताया कि गुरुनानक देव की आकृति और संदेश भी कुछ घाटों पर लगाई गई थीं। ऑपरेशन सिंदूर की रंगोली भोसले घाट पर बनाई गई। सेवन डेज फाउंडेशन के बैनर तले महिला सशक्तीकरण, जाति पंथ अनेक सभी सनातनी, महिला वर्ल्ड कप, गौरैया बचाओ, स्वस्थ शरीर मन, अन्नपूर्णा मां की रंगोली प्रभु घाट सहित अन्य घाटों पर बनाई गई। 

13 of 25
Dev Deepawali in varanasi - फोटो : अमर उजाला
रंगोली बनाकर महिला क्रिकेट टीम को दी बधाई
देव दीपावली पर शिवानी सेवा समिति की ओर से लालघाट पर दीपदान एवं रंगोली बनाकर भारतीय महिला क्रिकेट टीम को विश्व विजेता बनने पर बधाई दी गई। बच्चों ने ज्वलंत विषयों पर आकर्षक रंगोलियां बनाईं। सांस्कृतिक संध्या हुई। 

14 of 25
Dev Deepawali in varanasi - फोटो : अमर उजाला
वरुणा से लेकर गंगा-गोमती के तट और सरोवर हुए रोशन
देवदीपावली पर कुंडों, तालाबों और वरुणा के तट भी दीपों की रोशनी से नहा उठे। वरुणा के तट पर शास्त्रीघाट की सीढ़ियों पर चार हजार दीप जलाए गए। लोक चेतना संस्था के नेतृत्व में स्कूली बच्चों ने सहयोग किया। दो बटुकों ने आरती की। सारनाथ क्षेत्र के सारंगनाथ महादेव कुंड पर 25 हजार दीपों से जगमगा उठा। 

15 of 25
Dev Deepawali in varanasi - फोटो : अमर उजाला
बाबा सारंगनाथ सेवा समिति के नेतृत्व में दीप प्रज्ज्वलित हुआ। शूलटंकेश्वर महादेव मंदिर माधोपुर गंगा घाट पर सवा लाख दीपक से सजाया गया। शूलटंकेश्वर महादेव का शृंगार हुआ। रामेश्वर-वरुणा घाट पर पीठाधीश्वर आचार्य पं. अनूप त्रिपाठी के नेतृत्व में 21 वेद बाल ब्राह्मणों व आचार्यों ने पूजन किया। मां वरुणा की आरती और दीपदान हुआ। सांस्कृतिक संध्या में लोकगीत, भजन व रामायण गायक गुड्डू रसिया ने भक्ति, देश भक्ति व गजलों की मोहक प्रस्तुति की।

16 of 25
Dev Deepawali in varanasi - फोटो : अमर उजाला
वहीं, कैथी मार्कंडेय महादेव घाट व संगम घाट, गंगा घाट व मार्कंडेय महादेव मंदिर परिसर को सवा लाख दीपोत्सव हुआ। पूजन में महामंडलेश्वर भवानी नंदन यती महाराज, आचार्य भारत भूषण महाराज, पूर्व कुलपति बीएचयू गिरीश चंद्र त्रिपाठी आदि रहे। गौरीशंकर महादेव घाट ढकवां में स्वामी हरिषानंद महाराज के आचार्यत्व में पूजन और 51 हजार दीप जलाए गए। पर्यटन विभाग ने भी कैथी, चंद्रावती, उमरहां स्वर्वेद महामंदिर धाम पर दीपदान कर किया। 

17 of 25
Dev Deepawali in varanasi - फोटो : अमर उजाला
कर्दमेश्वर महादेव देव दीपावली समिति की ओर से कंदवा स्थित श्री कर्दमेश्वर महादेव मंदिर व बिंदु सरोवर पर पूजन और 51 हजार दीप जलाए गए। इस दौरान नृत्यमय गणेश, शिव वंदना के बाद मां काली एवं मां दुर्गा पर आधारित नृत्य नाटिका की प्रस्तुति की। एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, विधायक डॉ. सुनील पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, पूर्व विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह आदि रहे।  
 

18 of 25
Dev Deepawali in varanasi - फोटो : अमर उजाला
काशी में गाय के गोबर के दीयों से जगमगाई देव दीपावली
देवदीपावली पर राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी संगठन, नर नारायण देव चैरिटेबल ट्रस्ट, रेवा वीमेंस वेलफेयर फाउंडेशन, सोसाइटी फॉर इंडियन डेवलपमेंट के संयुक्त तत्वावधान में सैकड़ों स्ट्रीट वेंडर महिलाएं गुजरात से वाराणसी पहुंचीं। उन्होंने गाय के गोबर से बने दीयों से गंगा तट को रोशन कर स्वच्छता और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। काशी में गाय के गोबर के दीयों से देव दीपावली जगमगाई। राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी संगठन के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक निगम ने कहा कि देव दीपावली के अवसर पर जब इन गाय के गोबर से निर्मित दीयों की लौ गंगा के तटों पर टिमटिमा रही है, तो काशी की पवित्रता और ‘स्वच्छ भारत’ का संदेश एक साथ गूंज उठ रहा है। 

19 of 25
Dev Deepawali in varanasi - फोटो : अमर उजाला
देव दीपावली पर 80 घाटों पर जुटे 300 से अधिक क्रिएटर्स
देव दीपावली पर काशी के 80 घाटों पर देशभर से आए 300 से अधिक कंटेंट क्रिएटर्स ने एक साथ मिलकर कंटेंट क्रिएशन, सोशल मीडिया व्यवहार और महिला क्रिएटर्स की सुरक्षा जैसे विषयों पर चर्चा की। इस मीटअप का आयोजन भोपाल निवासी ट्रवेल क्रिएटर मयंक तिवारी ने किया। इंस्टाग्राम स्टोरी पर दी गई जानकारी के बाद देश के अलग-अलग शहरों से 600 से अधिक क्रिएटर्स ने इस आयोजन को अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया जबकि तीन सौ क्रिएटर्स काशी में जुटे। आयोजक मयंक तिवारी ने कहा वाराणसी सिर्फ एक शहर नहीं, एक अनुभव है। हम चाहते थे कि नए और पुराने क्रिएटर्स मिलकर सीखें। नए क्रिएटर्स को ग्रोथ और नेटवर्किंग, घाटों पर फोटो व वीडियो शूट, महिला क्रिएटर्स की सुरक्षा और रात में शूटिंग के दौरान सावधानियां समेत अन्य जानकारियां दी गईं।

20 of 25
Dev Deepawali in varanasi - फोटो : रोहित सोनकर
51 दीप जलाकर व्यापारियों ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि
देव दीपावली पर महानगर उद्योग व्यापार समिति (युवा मंच) ने वीर शहीदों को दीप जलाकर श्रद्धांजलि दी। मलदहिया सरदार वल्लभभाई पटेल चौराहे पर व्यापारियों ने 51 दीप से शहीदों को नमन किया। महानगर महामंत्री अशोक जायसवाल ने कहा कि इन्हीं सैनिकों की बदौलत ही हम चैन की नींद सोते हैं। जब हम त्योहार मनाते हैं, तो हमारे सैनिक बॉर्डर पर हमारी सुरक्षा में तैनात होते हैं। 

21 of 25
Dev deepawali in varanasi - फोटो : अमर उजाला
पहली बार सारनाथ के रंगीलदास पोखरा पर शुरू हुई आरती
सारनाथ के तिलमापुर स्थित ब्रह्मचारी जी चतुरानंद रंगीलदास पोखरा स्थित मां वैष्णो देवी मंदिर पर बुधवार को पहली बार देव दीपावली पर आरती और घाट किनारे सीढि़यों पर दीपदान किया गया। इस बीच सैकड़ों लोगों ने दीप जलाए। मंदिर के व्यवस्थापक सदस्य देवी प्रसाद मिश्रा ने बताया कि प्राचीन रंगीलदास पोखरा पर देव दीपावली पर आरती की शुरुआत हुई है। इस दौरान धीरज मिश्रा, पिंकू मिश्रा, सचिन मिश्रा, अमरीश पांडेय, मोनू, तपस्वी और रोहित मिश्रा गोलू मौजूद रहे। 

22 of 25
Dev Deepawali in varanasi - फोटो : अमर उजाला
पटेल चौराहे पर युवा व्यापारियों ने वीर शहीदों के नाम जलाए दीप
देव दीपावली पर महानगर उद्योग व्यापार समिति युवा मंच की ओर से बुधवार की देर शाम मलदहिया स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल चौराहे पर दीप जलाकर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। महानगर के महामंत्री अशोक जायसवाल ने कहा कि अमर वीर सपूतों को नमन किया गया। युवा मंच के अध्यक्ष सुजीत गुप्ता, महामंत्री देवांश मनीष चौबे, मोहित अग्रहरि, गौरव जायसवाल, ज्ञानू गुप्ता आदि रहे। 

23 of 25
Dev Deepawali in varanasi - फोटो : अमर उजाला
जल, थल और नभ में अभेद्य रही सुरक्षा व्यवस्था
देव दीपावली पर श्रद्धालुओं की भीड़ और वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए वाराणसी को नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया था। बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध रहा। घाटों पर एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीमें बोट, आधुनिक उपकरणों और वाटर एम्बुलेंस के साथ मुस्तैद रहीं। नदी मार्ग पर नावों के लिए लेन निर्धारण किया गया। नाविकों को निर्धारित दिशा और सुरक्षा नियमों के पालन के निर्देश दिए गए। सड़कों पर यातायात, पार्किंग और प्रवेश-निकास की व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित रही। महिलाओं की सुरक्षा के लिए सादी वर्दी में महिला पुलिसकर्मियों, एंटी रोमियो स्क्वॉड और क्यूआरटी टीमों को तैनात किया गया।  

24 of 25
Dev Deepawali in varanasi - फोटो : अमर उजाला
घाटों-गंगा की लहरों पर तैनात रहीं एनडीआरएफ की 9 टीमें
कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली पर बुधवार को श्रद्धालुओं की सुरक्षा में 11वीं एनडीआरएफ की नौ टीमें तैनात रहीं। कार्यवाहक कमांडेंट संतोष कुमार (द्वितीय कमान अधिकारी) ने बताया कि जिला प्रशासन के समन्वय से सभी संवेदनशील घाटों जैसे राजघाट, दशाश्वमेध घाट, सिंधिया घाट, राजेंद्र प्रसाद घाट, केदार घाट, अस्सी घाट, नमो घाट, रविदास घाट व समीपवर्ती अन्य घाटों पर अत्याधुनिक जीवन रक्षक उपकरणों के साथ तैनात हैं। इसके अतिरिक्त, अत्याधुनिक वाटर एंबुलेंस को भी गंगा में तैनात किया गया है, जो किसी भी आपात स्थिति में तुरंत चिकित्सीय सहायता प्रदान करने में सक्षम है। 
विज्ञापन

25 of 25
Dev Deepawali in varanasi - फोटो : अमर उजाला
गंगा किनारे गूंजा, हम नहीं रुकेंगे-हम स्वच्छ करेंगे...
देव दीपावली पर काशी में उत्तरवाहिनी मां गंगा का तट गंगाजल संरक्षण के गगनभेदी उद्घोष से गूंज उठा। नमामि गंगे ने प्राचीन दशाश्वमेध घाट पर हजारों श्रद्धालुओं को गंगा स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। नमामि गंगे के स्वयंसेवी सदस्यों ने देव दीपावली पर गंगा में सीढ़ियों पर बिखरी गंदगी को बटोरकर कूड़ेदान तक पहुंचाया। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने बताया कि देव दीपावली का पर्व जल संरक्षण की महत्ता को बतलाता है। हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा तट की स्वच्छता का संकल्प लिया।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें