भाई-बहन के स्नेह के पर्व रक्षा बंधन से पहले बुधवार को 34वीं वाहिनी पीएसी भुल्लनपुर (वाराणसी) के जवानों को छात्राओं ने राखी बांधकर उनकी रक्षा के लिए शुभकामनाएं दी। अमर उजाला की अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स मुहिम के तहत आयोजित कार्यक्रम में भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर उनके प्रतिरक्षा का संकल्प लिया।
भाई-बहनों के प्यार का पर्व रक्षाबंधन गुरुवार/शुक्रवार को है। इस दिन बहनें अपने भाइयों को राखी बांधकर रक्षा का संकल्प लेती हैं। लेकिन सुरक्षा में तैनात जवानों को रक्षाबंधन पर्व पर यह सुख परिवारीजनों से नहीं मिल पाता है। इसी के मद्देनजर बुधवार को निवेदिता शिक्षा सदन बालिका इंटर कॉलेज की छात्राएं एवं शिक्षिकाएं 34वीं वाहिनी पीएसी भुल्लनपुर पहुंचीं। कमांडेंट डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने सभी का स्वागत किया।