यूपी के सबसे स्वच्छ शहर वाराणसी की सफाई व्यवस्था की हकीकत शनिवार को एक बार फिर सबके सामने आ गई। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में हालात का जायजा लेने पहुंचे प्रदेश के नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना यहां की गंदगी देख इतना भड़क गए कि खुद ही फावड़ा उठाकर सफाई करने लगे।
योगी सरकार बनने के बाद प्रदेश सरकार का पूरा फोकस वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले वाराणसी को एक मॉडल शहर के रुप में विकसित करने पर है। प्रदेश सरकार के इस मिशन को पूरा करने की जिम्मेदारी नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना को दी गई है।
नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना सुबह चुपके से शहर के स्वच्क्षता का जायजा लेने के लिए निकल पड़े। सिकरौल भीम नगर मल्लाह बस्ती पहुंचकर उन्होंने देखा नालियां ओवर फ्लो कर रही हैं और कचरे से पटी पड़ी है।
मंत्री ने वहां मौजूद कुछ अधिकारियों से पूछा, ये गंदगी कैसे है और कौन इसे साफ़ करेगा। मंत्री ने सफाई कर्मी को देखा और पास बुलाकर उससे फावड़ा झाड़ू हाथों में ले लिया। बजबजाती बदबूदार नालियों को फावड़ा चलाकर साफ़ करने लगे।
इस दौरान वहां पुलिस वालों से लेकर स्थानीय लोगों की भीड़ लग गयी। लोग उनकी फोटो खींचने लगे । नाली साफ करने के बाद मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि शहर को स्वच्छ रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। कृपया सभी लोग इसमें सहयोग करें।
इस बीच नगर आयुक्त हरी प्रसाद शाही ने मंत्री सुरेश खन्ना से पूछा सर अब कहां जायेंगे। इस मंत्री भड़क गए । उन्होंने कहा कि तुमको क्यों बतायें, आप मुख्यालय जाओगे। सुरेश खन्ना ने कहा पूरा सिस्टम कचरे से भरा है ,जब तक फावड़ा अपने हाथों में नहीं उठाया जायेगा साफ नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि बसपा और सपा ने सालों से कचरा कर रखा है। बता दें कि गत 15 अप्रैल को सुरेश खन्ना वाराणसी आए थे और सुबह 10 बजे अचानक नगर निगम पहुंचकर मेन गेट पर ताला लगवा दिया था और कई खामियां पकड़ी थीं।