पुलवामा में आतंकी घटना के बाद रेलवे स्टेशन समेत अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों की सुरक्षा को लेकर सरकार ने अलर्ट जारी किया है। जबकि उन्नाव जंक्शन की सुरक्षा भगवान भरोसे है। रेलवे स्टेशन पर बेरोकटोक लोगों की आवाजाही है। प्लेटफार्म नंबर पांच पर टूटी बाउंड्री स्टेशन की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रही है। मुख्य द्वार से प्लेटफार्म तक यात्रियों की न तो तलाशी ली जाती है और न ही रेलवे पुलिस बल टोकता है।
मॉडल रेलवे स्टेशन पर 5 प्लेटफार्म बने हैं। रोजाना दो सैकड़ा से अधिक एक्सप्रेस, पैसेंजर, सुपरफास्ट व मालगाड़ियों का आवागमन यहां से होता है। यात्री व रेल संपत्ति की सुरक्षा में आरपीएफ पोस्ट व जीआरपी थाना प्लेटफार्म नंबर एक पर बनाया गया है। रेलवे स्टेशन चारों तरफ से खुला होने से रेलवे पुलिस बल के लिए सुरक्षा बड़ी चुनौती है। छह साल की लंबी जद्दोजहद के बाद रेलवे स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए जा सके हैं और न ही मेटल डिटेक्टर।
विज्ञापन
2 of 3
मुख्य गेट पर नहीं है मेटल डिटेक्टर।
- फोटो : अमर उजाला
इसके अलावा प्लेटफार्म नंबर 5 तरफ बनी बाउंड्री दो अलग अलग स्थानों पर टूटी पड़ी है। इसके अलावा दो स्थानों पर काफी बड़े हिस्से में बाउंड्री ही नहीं बनाई गई है। बुधवार को ‘अमर उजाला’ ने दोपहर के समय स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था की हकीकत जांची तो मुख्य गेट पर यात्री व बाहरी लोग बिना किसी चेकिंग के आराम से प्लेटफार्मों पर आते जाते दिखे। इन्हें टोकने के लिए आरपीएफ व जीआरपी का एक भी जवान तैनात नहीं था। वहीं प्लेटफार्म नंबर दो व तीन पर बने जीआरपी बूथ पर कोई जीआरपी सिपाही मौजूद नहीं था। चारों तरफ से खुले रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर खानापूरी की जा रही है।
स्टेशन की टूटी बाउंड्री से रहती लोगों की आवाजाही।
- फोटो : अमर उजाला
नहीं लगे सीसीटीवी कैमरे
सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से रेलवे स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना 2013 में बनाई गई थी। जो अभी तक फिलहाल ठंडे बस्ते में है। करीब पांच साल का समय बीतने के बाद भी कैमरे लगाने की दिशा में कोई खास प्रगति नहीं हो सकी है। जीआरपी इंस्पेक्टर एसके राय बताया कि मुख्य प्रवेश द्वार से प्लेटफार्म तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। यात्रियों की लगातार मानीटरिंग की जा रही है। वहीं रात के समय स्पेशल टुकड़ी तैनात की गई है। बताया कि सुरक्षा को लेकर कोई ढील नहीं बरती जा रही है।
मॉडल रेलवे स्टेशन अधीक्षक विश्राम ने बताया कि मुख्य गेट से लेकर प्लेटफार्म पर लगातार सीसीटीवी कैमरे लगाने मांग अधिकारियों से की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे न होने से कहीं न कहीं सुरक्षा में कमी जरूर है। बताया कि चहारदीवारी समेत अन्य अधूरे कार्यों की रिपोर्ट डीआरएम की गई है। जल्द ही खामियां दूर कर ली जाएंगी।