उन्नाव के माखी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जगदीशपुर में मतदान से पहले रविवार की रात दो प्रधान प्रत्याशी आमने-सामने आ गए। गालीगलौज के बाद एक पक्ष के प्रधान प्रत्याशी के हिस्ट्रीशीटर बेटे ने प्रतिद्वंद्वी प्रधान प्रत्याशी के पिता पर तमंचे से फायर कर दिया। गोली कमर में लगने से वह लहूलुहान हो गिर गए।
घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर हिस्ट्रीशीटर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। एहतियातन गांव में फोर्स तैनात कर दी गई है।
ग्राम पंचायत जगदीशपुर में रविवार की रात प्रधान पद के प्रत्याशी गंगाप्रसाद यादव का प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी जयदीप सिंह से विवाद हो गया। गालीगलौज के बाद मारपीट भी हुई। रात लगभग 12 बजे प्रधान प्रत्याशी जयदीप के पिता सुमंत सिंह अपने भाई विजय कुमार के साथ पोलिंग बूथ देखकर घर लौट रहे थे।
आरोप है कि रास्ते में गंगाप्रसाद व उसके हिस्ट्रीशीटर बेटे अंशू यादव ने सुमंत सिंह व उनके भाई विजय को घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच हिस्ट्रीशीटर अंशू ने तमंचे से सुमंत सिंह (60) पर फायर कर दिया। गोली कमर में लगने से सुमंत सिंह (60) लहूलुहान होकर गिर गए।
परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से कानपुर रेफर कर दिया गया। घायल के बेटे जयदीप की तहरीर पर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर अंशू यादव, उसके पिता गंगाप्रसाद, भाई नेत्रपाल, बेनीमाधव, विक्रम यादव, विराग यादव व ऊदन समेत सात लोगाें के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
हिस्ट्रीशीटर अंशू यादव, उसके भाई विक्रम यादव, विराग यादव और ऊदन को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। उधर, सूचना मिलने पर डीएम रवींद्र कुमार व एसपी आशीष तिवारी ने गांव पहुंच स्थिति का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर गांव में भारी फोर्स तैनात किया गया है।