लखनऊ-कानपुर हाईवे पर नवाबगंज पक्षी विहार के निकट मंगलवार रात कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। जबकि एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को नवाबगंज सीएचसी से लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। सभी अजगैन थानाक्ष्ेात्र के कुंजपुर में एक रिश्तेदार के घर शादी में शामिल होने जा रहे थे। बाइक सवार युवकों ने सिर में हेलमेट नहीं लगा रखा था।
सदर कोतवाली के शेखपुर निवासी मुनेश्वर (23) पुत्र जगमोहन मंगलवार रात गांव में रहने वाले अंकित (23) पुत्र रामभरोसे व नीरज राजपूत (24) पुत्र शिवशंकर के साथ अजगैन के कुंजपुर में एक रिश्तेदार के घर शादी में शामिल होने बाइक से जा रहा था। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर नवाबगंज पक्षी विहार के निकट कानपुर की ओर से आ रही कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से नवाबगंज सीएचसी ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने मुनेश्वर को मृत घोषित कर दिया। जबकि अंकित व नीरज को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। देर रात उपचार के दौरान अंकित ने ट्रामा सेंटर में दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। अजगैन कोतवाली प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि हादसे के बाद कार चालक मौके से भाग निकला था। परिजनों ने अभी घटना की तहरीर नहीं दी है।
चाट का ठेला लगाता था मुनेश्वर
शेखपुर निवासी मुनेश्वर गांव की बाजार में चाट का ठेला लगाता था। वह तीन भाई व दो बहनों में सबसे छोटा था। भाई विनोद ने बताया कि कुंजपुर में शादी में शामिल होने की बात कह मुनेश्वर घर से निकला था। हालांकि शादी किसकी थी इसकी जानकारी परिजन नहीं दे सके। जवान बेटे की मौत पर मां गुलाबा व पत्नी नीतू का रो रोकर बुरा हाल हो गया। मुनेश्वर की चार माह पूर्व 29 जनवरी को नीतू से शादी हुई थी।
घर का खर्च चलाने के लिए चलाता था कार
नवाबगंज पक्षी विहार के निकट हुए हादसे का शिकार हुआ अंकित कार ड्राइवर था। वह गांव में ही रहने वाले सोनू की कार चलाता था। अंकित दो भाइयों में बड़ा था।