शाहजहांपुर में मासूम बेटे को जहर देकर पति सचिन ग्रोवर के साथ आत्महत्या करने वाली शिवांगी की मां संध्या मिश्रा ने सोशल मीडिया पर अपना दर्द साझा किया। बृहस्पतिवार को किसी से बात नहीं करने वाली संध्या ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट शेयर करते हुए घटना को आत्महत्या की बजाय हत्या की आशंका जताई। उन्होंने लिखा कि उद्योग केंद्र से अनुदान जारी हो जाता तो शायद यह दिन देखना नहीं पड़ता। उन्होंने लोगों से दुखियारी मां को न्याय दिलाने में सहयोग मांगा है। संध्या मिश्रा ने पोस्ट में लिखा कि सूदखोरों ने जान ले ली। जिला उद्योग केंद्र के अधिकारी अरुण कुमार अगर सब्सिडी मंजूर कर देते तो शायद यह दिन नहीं देखना पड़ता। उन्होंने अपील की है कि उनकी बेटी, दामाद और नाती की मौत के जिम्मेदार लोगों को सजा दिलाने में साथ आएं।