Shahjahanpur News: दावत में जाने से नाराज व्यक्ति ने अपनी बहू की निर्मम हत्या कर दी। उस पर कुल्हाड़ी से छह वार किए। उसने बचने के लिए संघर्ष किया, लेकिन चीख नहीं सकी। वारदात के बाद आरोपी ससुर ने फंदे से लटककर जान दे दी। महिला का पति ट्रक चालक है। वह बाहर गया था। घर वापस आया तो पत्नी का शव देख रो पड़ा।
विज्ञापन
1 of 8
सुमित्रा का पति सर्वेश, मौके पर टूटी पड़ी चूड़ियां
- फोटो : अमर उजाला
शाहजहांपुर के कांट थाना क्षेत्र गांव हटीपुर कुर्रिया में मंगलवार की रात बहू के दावत में जाने से नाराज ससुर ने पीटने के बाद कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद गांव के बाहर आम के पेड़ पर फंदे से लटककर जान दे दी। सुबह मासूम बेटी ने घर के कोने में मां का शव पड़ा देखा तो शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया।
गांव हटीपुर कुर्रिया के रहने वाले ट्रक चालक सर्वेश ने मध्यप्रदेश के सतना निवासी सुमित्रा से प्रेम विवाह किया था। कुछ दिन पहले वह ट्रक लेकर बाहर गए थे। घर में पत्नी सुमित्रा (30 वर्ष), बीमार मां, पिता राजपाल के अलावा उनकी सात साल की बेटी रागिनी थी। मंगलवार रात सुमित्रा गांव में आयोजित दावत में गई थी। इससे नाराज ससुर राजपाल ने आधी रात के बाद कुल्हाड़ी से हमला कर सुमित्रा को मार डाला। इसके बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। उसका शव गांव के बाहर पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका मिला। सूचना पर लौटे सर्वेश पत्नी का शव देख बदहवास हो गए।
विज्ञापन
2 of 8
गांव के बाहर पेड़ पर लटका मिला आरोपी का शव
- फोटो : अमर उजाला
राजपाल अपनी बहू सुमित्रा की हत्या करने के बाद गांव से भागा नहीं, बल्कि घर से 500-600 मीटर की दूरी पर स्थित आम के बाग में जाकर छिप गया। जहां से उसका घर साफ दिख रहा था। उसने वहां एक बीड़ी पी, फिर आम के पेड़ पर चढ़कर 15 फुट ऊंची डाल पर चारपाई वाली रस्सी बांधी। इसके बाद गले में फंदा डालकर लटक गया।
विज्ञापन
3 of 8
आरोपी राजपाल
- फोटो : अमर उजाला
बुधवार सुबह जब पुलिस की तीन टीमें मदनापुर, कांट व उसकी रिश्तेदारियों में राजपाल का पता लगा रही थीं, तब करीब साढ़े बारह बजे खेत पर काम कर रहा एक ग्रामीण धूप से बचने के लिए बाग की ओर गया, तब उसने राजपाल को लटका देख शोर मचाया। कांट थाना प्रभारी महेंद्र सिंह व फॉरेंसिक टीम रास्ते से ही वापस हुईं। शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
4 of 8
मौके पर पड़ी आरोपी की चप्पल
- फोटो : अमर उजाला
राजपाल की चप्पल उसके शव से थोड़ी दूरी पर पड़ी हुई थी। शर्ट की जेब से एक बीड़ी का बंडल और एक माचिस मिली। आस्तीन से 150 रुपये बरामद हुए। सर्वेश ने बताया कि वह होली के बाद घर से चला गया था। बुधवार सुबह वह सो रहा था। करीब छह बजे चाची का फोन आया। कहा कि तुम्हारी घरवाली को मार दिया गया। तुरंत रोडवेज बस से वह घर पहुंच गया।
विज्ञापन
5 of 8
घटनास्थल पर जांच करती पुलिस टीम
- फोटो : अमर उजाला
राजपाल को अपनी बहू सुमित्रा का बाहर आना-जाना पसंद नहीं था। इसी बात पर पहले भी घर में विवाद हो चुका था। हापुड़ से लौटकर आए बेटे सर्वेश ने बताया कि पूर्व में पत्नी और पिता को समझा दिया था। इसके बाद सब ठीक चलने लगा था। पता नहीं ऐसा क्या हुआ कि इतनी बड़ी घटना घटित हो गई। गांव के लोगों ने बताया कि सर्वेश बहुत सीधा है। परिवार के लिए वह दो-दो महीने बाहर रहकर कमाता है और परिवार का भरण-पोषण करता है।
विज्ञापन
6 of 8
मौके पर टूटी पड़ीं चूड़ियां
- फोटो : अमर उजाला
संघर्ष में टूटीं चूड़ियां, चिल्ला न सकी सुमित्रा
घटनास्थल पर पड़ी चूड़ियां बयां कर रही हैं कि सुमित्रा ने खुद को बचाने के लिए ससुर से संघर्ष तो किया, लेकिन कुल्हाड़ी के वार से उसकी चीख नहीं निकली। बताते हैं कि बहू के बचाव के समय बेटी रागिनी आ गई। तभी राजपाल ने उसे भी पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन नशे में होने के कारण पकड़ नहीं सका। वह भागकर दादी के पास चली गई और वहीं सो गई। सुबह राजपाल की पत्नी राजवती ने खून से सनी कुल्हाड़ी को पोछा और वहीं डाल दिया।
विज्ञापन
7 of 8
मृतका का पति सर्वेश व सास
- फोटो : अमर उजाला
एक बार हुई थी लड़ाई, कहा था- अलग रह लेंगे
सर्वेश ने बताया कि कुछ माह पहले घरेलू विवाद होने पर उसने परिवार समेत अलग रहने का विचार बनाया था, लेकिन मां की मानसिक स्थिति को देखकर उसकी हिम्मत नहीं हुई। सर्वेश अपने माता-पिता का काफी ख्याल रखता था। दोनों को अलग से खर्चा देता था, जिससे विवाद की स्थिति खड़ी न हो। मंगलवार की शाम को उसकी मां और पिता से बात हुई थी। उसकी भी समझ में नहीं आ रहा कि रात में ऐसा क्या हुआ जो उसके पिता ने ही पत्नी की हत्या कर दी।
मृतका के घर के बाहर खड़े पुलिसकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
शराब पी, फिर वारदात को अंजाम दिया
राजपाल ने शराब पीने के बाद वारदात को अंजाम दिया। शव के पास ही शराब का पौव्वा भी बरामद हुआ है। आशंका है कि हत्या की वारदात के बाद भी उसने शराब पी होगी।