Saharanpur News: डिडौली गांव से लापता अजय सैनी का शव सिड़की-झबरेड़ा मार्ग पर गांव बोहड़पुर में काली नदी के पास मिला। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इनमें से एक को पकड़कर पूछताछ की जा रही है।
विज्ञापन
1 of 5
अजय सैनी की फाइल फोटो और गमजदा उसके पिता और बुआ।
- फोटो : अमर उजाला
नागल स्थित डिडौली गांव से लापता अजय सैनी (17) का शव सिड़की-झबरेड़ा मार्ग पर बोहड़पुर में काली नदी के पास सड़क किनारे गड्ढे में मिला। उसकी बेरहमी से हत्या की गई थी। एक आंख निकाल रखी थी। सिर के बाल काटे गए और शव को जलाने का भी प्रयास किया गया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
विज्ञापन
2 of 5
थाने के बाहर मौजूद लोग।
- फोटो : अमर उजाला
रविवार शाम अजय सैनी एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गांव में ही गया था। वह देर रात तक नहीं पहुंचा। परिजनों ने तलाश की, लेकिन पता नहीं चला। उसका फोन भी बंद मिला। पिता सागर सैनी ने सोमवार को थाने पहुंचकर बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात को सूचना मिली कि काली नदी के पास गड्ढे में एक किशोर का शव पड़ा है। इस पर पुलिस ने अजय के परिजनों को मौके पर बुलाया। उन्होंने उसकी पहचान अजय के रूप में की। इसके बाद सैकड़ो ग्रामीण भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष महेंद्र सैनी के साथ थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच और हत्यारोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। ग्रामीणों और परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने मामले में शुरू से ही लापरवाही बरती, जिसकी वजह से अजय को जिंदा बरामद नहीं किया जा सका। शव मिलने के बाद भी पुलिस मामले को हादसे का रूप दे रही थी, जबकि शव चार दिन पुराना है और मौके पर रात में ही डाला गया है।
विज्ञापन
3 of 5
पुलिस से हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
मृतक के पिता सागर सैनी ने बड़गांव के गांव महेशपुर निवासी अजय सैनी, पहाड़पुर निवासी सुशील व राकेश और नयागांव निवासी सुरेंद्र सैनी के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। इनमें से एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बिजली के उपकरण ठीक करने का काम सीख रहा था
सागर सैनी एक छोटा सा किसान है। मेहनत मजदूरी करके अपने परिवार की गुजर बसर कर रहा है। पांच बच्चों में बड़ी तीन बेटियां हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी हैं। अजय सैनी का एक जुड़वा भाई है। अजय पढ़ाई छोड़कर बिजली के उपकरण ठीक करने का काम सीख रहा था। अजय की हत्या के बाद क्षेत्रीय विधायक देवेंद्र निम ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की।
4 of 5
थाने के बाहर मौजूद लोग।
- फोटो : अमर उजाला
तंत्र क्रिया की भी जताई जा रही आशंका
अजय की जिस तरह निर्ममता से हत्या की गई है, उससे यह आशंका जताई है कि वह तंत्र क्रिया की भेंट चढ़ा हो। उसकी एक आंख निकाली गई है, जो शव के पास भी नहीं मिली है। सिर के बाल भी काटे गए हैं। पेट पर भी जलाने के निशान हैं। परिजन किसी से भी अपनी या अजय की रंजिश नहीं बता रहे हैं। ऐसे में उसकी हत्या की वजह भी सामने नहीं आ पा रही है।
घर से गायब होने वाले दिन अजय को महेशपुर निवासी उसके हमनाम अजय के साथ देखा गया था। इसी आधार पर परिजनों ने अजय और उसके तीन साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। हालांकि, उन्होंने अजय को क्यों मारा होगा, इसका जवाब अभी मृतक के परिजनों के पास नहीं है।
ये बोले एसपी
सिड़की-झबरेड़ा मार्ग पर गांव बोहड़पुर के पास सड़क किनारे गड्ढे में किशोर का शव मिला है। हत्या, आत्महत्या और हादसा तीनों ही बिंदु पर पुलिस जांच कर रही है। मृतक के पिता की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। - मयंक पाठक, एसपी देहात