उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में खनन माफिया हाजी इकबाल गिरोह के सदस्य हिस्ट्रीशीटर और दस से अधिक मामलों में वांछित आरोपी सन्नी नागपाल की संपत्ति पर सोमवार को पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में एसडीए का बुलडोजर चला। जनता रोड पर करीब 1500 गज में सन्नी नागपाल के फार्म हाउस को जमींदोज किया गया। फार्म हाउस में बने स्वीमिंग पूल को भी ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई से हड़कंप मचा रहा।
सोमवार को दोपहर एसडीएम सदर व एसडीए की सचिव किंशुक श्रीवास्तव, एएसपी (आईपीएस) प्रीति यादव, कोतवाली जनकपुरी इंस्पेक्टर अविनाश गौतम, देहात कोतवाली प्रभारी मनोज चहल, आरएएफ, पुलिस फोर्स और जेसीबी लेकर जनता रोड पर सन्नी नागपाल के फार्म हाउस पर पहुंचे। इसके बाद 1500 गज में बने सन्नी नागपाल के फार्म हाउस को दो जेसीबी से ध्वस्त करा दिया।