सहारनपुर में गन्देवड़ चिलकाना मार्ग पर गांव कम्बोहमजरा के निकट सोमवार की शाम खनन सामग्री से लदे डंपर की साइड लगने से बाइक सवार एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर शव सड़क पर रखते हुए जाम लगा दिया। पुलिस बल के साथ पहुंचे सीओ और तहसीलदार ने जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण मौके पर ही चालक और मालिक को बुलाने के साथ आर्थिक मदद भी तत्काल देने की मांग पर अड़ गए। इसे लेकर जाम लगा रहे ग्रामीणों की पुलिस से काफी नोकझोंक भी हुई।
कोतवाली बेहट क्षेत्र के गांव मंझाड़ी निवासी अमन कुमार (24) पुत्र श्याम सिंह व उसका साथी तिवड़ा माजरा निवासी धर्मवीर सोमवार शाम छह बजे अपनी बाइक से चिलकाना से अपने गांव लौट रहे थे, जैसे ही वह गांव कंबोहमजरा के निकट पहुंचे तो सामने से आ रहे खनन सामग्री से लदे डंपर ने उनकी बाइक को साइड मार दी। जिससे अमन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि धर्मवीर गंभीर रूप से घायल हो गया।