फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रतापगढ़ : जीभ व जीप की सरकार का होगा सफाया- अखिलेश यादव

Sun, 28 Nov 2021 09:03 PM IST
विनोद सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, प्रतापगढ़

सार

पट्टी विधानसभा के रामकोला गांव में सपा के जिला उपाध्यक्ष जीतलाल यादव उर्फ पप्पू की भतीजी के वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे सपा मुखिया अखिलेश सिंह यादव ने कहा कि भाजपाइयों को सिर्फ जीभ और जीप चलाना आता है।
विज्ञापन
1 of 5
Pratapgarh News : पट्टी में आयोजित शादी समारोह में पहुंचे पूर्व सीएम अखिलेश यादव। - फोटो : प्रतापगढ़
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि अब जीभ व जीप की सरकार का सफाया तय है। भाजपा के लोग बड़े दावे करते हैं, लेकिन पांच साल में यूपी विकास में पीछे छूट गया। शिक्षक पात्रता परीक्षा का पेपर लीक होने पर प्रदेश सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि यह लीकेज वाली सरकार है। भाजपा के लोग ही पेपर लीक कराते हैं। पेपर लीक कराकर बेरोजगारों को छला जा रहा है। रोजगार देने की जगह युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है।

पट्टी विधानसभा के रामकोला गांव में सपा के जिला उपाध्यक्ष जीतलाल यादव उर्फ पप्पू की भतीजी के वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे सपा मुखिया अखिलेश सिंह यादव ने कहा कि भाजपाइयों को सिर्फ जीभ और जीप चलाना आता है। लखीमपुर कांड की तुलना जालियावाला बाग कांड से करते हुए कहा कि अंग्रेजों ने भी सामने से गोलियां बरसाई थीं, पर लखीमपुर में तो किसानों पर पीछे से जीप चढ़ा दी गई। गृह राज्यमंत्री की बर्खास्तगी अब तक न होने पर सरकार पर निशाना साधा।
विज्ञापन

यूपी में युवाओं को छला जा रहा
उन्होंने कहा कि 70 लाख युवाओं को रोजगार देने की की बात कही गई थी, लेकिन युवाओं को लगातार छला जा रहा है। कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि आपके ही जिले में कोहड़ौर के उन व्यापारी भाइयों की हत्या हो गई, जो मुख्यमंत्री से मिलकर सुरक्षा की गुहार लगा चुके थे। गोरखपुर में पुलिस की पिटाई से व्यापारी ने दम तोड़ दिया। वाराणसी में तीन साल की मासूम के साथ घिनौना कृत्य किया गया।

प्रयागराज में रास्ता मांगने पर चार दलितों की हत्या कर दी गई। सीएम योगी पर निशाना साधते हुए कहा कि बाबा विकास कार्यों को भले न बता सकें, लेकिन सांड़ फौरन बता देंगे। बाबा को जब लैपटॉप, टैबलेट चलाना नहीं आता तो वह उसकी अहमियत युवाओं के लिए कैसे जान सकेंगे। उन्होंने कहा कि सबसे अधिक सपाइयों का उत्पीड़न प्रतापगढ़ में हुआ है। यहां जिलाध्यक्ष को ही फर्जी मुकदमे में जेल भेजा जा चुका है। उत्पीड़न व फर्जी मुकदमा दर्ज करने वालों की कुंडली तैयार रहनी चाहिए।

न्यायालय पर हमें पूरा भरोसा है। इसके पूर्व अखिलेश ने सपा नेता के स्कूल का औपचारिक रूप से उद्घाटन करते हुए मंच पर मौजूद वर-वधू को आशीर्वाद दिया। सपा नेताओं से भी कुछ देर तक बंद कमरे में जिले के हालात को लेकर गुफ्तगू की। इस मौके पर सपा के पूर्व मंत्री शिवाकांत ओझा, पूर्व विधायक राम सिंह पटेल, नागेंद्र सिंह यादव मुन्ना, श्याद अली, जिला महासचिव कादिर जिलानी, पूर्व चेयरमैन कुंडा गुलशन यादव, शकील अहमद, विजय यादव, शक्ति सिंह, दिनेश यादव, राजेश यादव, वकार अहमद, मनीष पाल, इरशाद सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

3 of 5
Pratapgarh News : पट्टी में आयोजित शादी समारोह में पहुंचे पूर्व सीएम अखिलेश यादव। - फोटो : प्रतापगढ़
विशालकाय पेड़ काटकर बनाया गया रास्ता
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के रामकोला आगमन का कार्यक्रम निर्धारित होते ही रास्ते में पड़ने वाले विशालकाय आम के पेड़ को दो दिन पहले कटवा दिया गया। इसके बाद हैलीपेड से लेकर घर तक रास्ता बन सका। इसके लिए करीब दो दर्जन मजदूर लगाए गए थे।

अखिलेश ने कहा, प्रतापगढ़ के कई भाजपा नेता संपर्क में
अखिलेश ने कहा कि विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही बाबा की सरकार का जाना तय हो गया है। तभी तो भाजपा के लोग सपा कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं। प्रतापगढ़ के भी कई भाजपा नेता कतार में हैं। जिनमें पूर्व विधायक से लेकर कई चर्चित नाम शामिल हैं। फिलहाल, जल्दबाजी में कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा।

सपाइयों ने तोड़ी बैरीकेडिंग, पुलिस से झड़प
सपा मुखिया अखिलेश यादव के रामकोला पहुंचते ही वहां मौजूद सपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उनके करीब पहुंचने के लिए धक्कामुक्की करने लगे। घर के करीब लगी बैरीकेडिंग तोड़ दी। जिसे लेकर पुलिसकर्मियों से सपाइयों की कई बार झड़प हुई। पूर्व विधायक राम सिंह पटेल सपा मुखिया के आते ही बैरीकेडिंग से आगे जाने लगे। उनके पीछे कार्यकर्ताओं का हुजुम चल पड़ा। जिन्हें पुलिस ने रोक लिया। इसे लेकर पुलिस से तकरार होती रही। 

4 of 5
Pratapgarh News : पट्टी में आयोजित शादी समारोह में पहुंचे पूर्व सीएम अखिलेश यादव। - फोटो : प्रतापगढ़
कार का एक टायर हो गया था पंक्चर
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव हैलीपेड से जिस कार से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, उसका एक टायर पंक्चर था। जिसे देखने के बाद सुरक्षाकर्मी सतर्क हो गए। वापसी भी पूर्व सीएम ने उसी कार से की।

समाजवादी इत्र के छिड़काव से मिटाएंगे नफरत
कार्यक्रम के दौरान किसी सपा नेता की ओर से पूर्व सीएम अखिलेश यादव को समाजवादी इत्र दिया गया। इत्र लेने के बाद अखिलेश ने कहा कि समाजवादी इत्र का छिड़काव कर प्रदेश व देश में फैलाई जा रही नफरत मिटाएंगे। ऐसा सभी सपाइयों को करना होगा। 

पूछा, बुल का मतलब जानते हैं
वर-वधू के लिए बने मंच से मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सभी से सवाल कर डाला। कहा कि बुल का मतलब जानते हैं। लोगों ने न में जवाब दिया तो अखिलेश ने प्रदेश सरकार पर तंज करते हुए कहा कि बुल का मतबल सांड़ होता है। सांड़ को भगाना है और बुलडोजर को रोकना है। इसके लिए सभी को तैयार रहना होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
Pratapgarh News : पट्टी में आयोजित शादी समारोह में पहुंचे पूर्व सीएम अखिलेश यादव। - फोटो : प्रतापगढ़
पिता के पुराने संबंधों को निभाने रामकोला पहुंचे थे अखिलेश
सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव से पट्टी विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष रहे मुन्नर यादव के करीबी रिश्ते थे। उनके भाई भनकाई यादव की नातिन डॉ. प्रीति यादव की शादी में शामिल होने के लिए सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव को निमंत्रण दिया गया था। उन्होंने सपा मुखिया को भी शादी में आने का निमंत्रण दिया था। चर्चाओं के अनुसार पिता मुलायम सिंह यादव के पुराने रिश्ते को बचाने के लिए अखिलेश यादव का आनन-फानन में रामकोला आने का कार्यक्रम तय हुआ। आशीर्वाद देने के दौरान अखिलेश ने डॉक्टर प्रीति यादव को नेग का लिफाफा थमाया। 

बरात से पहले पहुंच गया दूल्हा
रामकोला में मुन्नर यादव के यहां रविवार शाम को बरात आनी थी। मगर अखिलेश यादव के आगमन के चलते दूल्हा बिना बरात के ही सुबह पहुंच गया। करीब एक घंटे विलंब से पहुंचे अखिलेश ने मंच पर मौजूद वर-वधू से मिलकर आशीर्वाद दिया। दूल्हे के बिना बरात के पहुंचने को लेकर लोग चर्चा करते रहे।

पांच लाख के इनामी प्रमुखपति के परिजनों से मिले पूर्व सीएम
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रामकोला में पप्पू यादव के घर पर पांच लाख रुपये के फरार इनामी सभापति यादव के परिवार के लोगों से भी कुछ देर तक मुलाकात की। बंद कमरे में पप्पू यादव के परिवार के लोगों से मिलने के दौरान पूर्व प्रमुख माधुरी यादव, अमरावती यादव व सभापति की मां से मिलकर घटनाक्रम की जानकारी ली। इस दौरान मुकदमों में फंसे कई लोगों के प्रार्थना पत्र भी वह साथ ले गए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें