मुजफ्फरनगर में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर मंसूरपुर क्षेत्र में पैदल हाईवे पार कर रहे एक व्यक्ति को बचाने के प्रयास में वैगनआर कार अनियंत्रित होकर रोडवेज बस से टकरा गई। हादसे में कार सवार सिपाही समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। कार पहले डिवाइड से टकराई और फिर उछलकर दूसरी तरफ रोडवेज बस से टकरा गई। चारों मृतकों की उम्र 25 से 30 साल के बीच है।
पल भर में बुझ गए चार परिवारों के चिराग
उत्तरकाशी के रहने वाले सिपाही कुलदीप मिश्रा का बेटा बीमार है। रविवार रात घर से कॉल आई तो तय हुआ कि सोमवार को देहरादून में उपचार कराया जाएगा। सिपाही ने सुबह पत्नी को कॉल कर देहरादून पहुंचने के लिए कहा और वह खुद कार से चल दिए। मंसूरपुर के निकट कार हादसे का शिकार हो गई। जिसमें सिपाही समेत चार लोगों की मौत हो गई। वहीं सिपाही के परिवार और मेरठ में गम का माहौल है।