उत्तर प्रदेश के संभल जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक अधेड़ महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मार डाला। पति दोनों के प्रेम संबंध में बाधा बन रहा था। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, यहां से आरोपियों को जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, बहजोई थाना इलाके के गांव पवांसा निवासी पूरन सिंह कठेरिया (54) की हत्या के मामले में मृतक की पत्नी विनोद देवी और गांव की ही राशन डीलर के पति श्याम सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पूरन सिंह की गला दबाकर हत्या की थी।
हत्या को आत्महत्या दर्शाने के लिए गले में रस्सी बांधकर छत के कुंडे से लटका दिया था। मृतक की पत्नी ने बताया कि उसका पति उसके प्रेम संबंधों में बाधा बना हुआ था। कोतवाली प्रभारी संत कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार की शाम 6.30 बजे पवांसा निवासी पूरन सिंह कठेरिया का शव घर के कमरे में रस्सी के फंदे से लटका मिला था।