मंडल में आंधी-बारिश ने भारी तबाही मचाई। अलग-अलग हादसों में तीन लोगों को जान गंवानी पड़ी। मुरादाबाद के नया मुरादाबाद, मानसरोवर, शास्त्री नगर, सरोवर नगर और मझोला समेत कई इलाकों में खंभे गिरने और तार टूटने से 24 घंटे बाद भी बिजली बहाल नहीं हो सकी।
विज्ञापन
1 of 12
मुरादाबाद मंडल में आंधी के बाद हुआ नुकसान
- फोटो : संवाद
मुरादाबाद मंडल में आंधी-बारिश ने कहर बरपाया। रामपुर में आंधी से गिरे बिजली लाइन के सपोर्टर तार की चपेट में आने से संग्रह अमीन की गर्दन कटने से जान चली गई। डिलारी में दोमंजिला मकान का छज्जा गिरने पर ग्रामीण की मौत हो गई। वहीं संभल में टिनशेड गिरने पर दंपती और तीन बच्चे घायल हो गए।
बिलासपुर रोड पर सिहारी गांव के पास बुधवार की रात बिजली लाइन के सपोर्टर आंधी में तार टूटकर गिर गए। बृहस्पतिवार की सुबह खनन चेकिंग में लगी ड्यूटी कर सुबह छह बाइक से घर लौट रहे संग्रह अमीन हरीश गंगवार तारों में उलझ गए और उनकी गर्दन कट गई। राहगीरों ने एंबुलेंस मंगवाकर घायल को उन्हें सीएचसी भेजा, जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
2 of 12
बिजली कर्मी तारों को ठीक करते हुए
- फोटो : संवाद
सिहारी बिजलीघर के जेई वैभव कुमार ने बताया कि रात की आंधी से क्षेत्र में लगभग 14 पोल टूट गए थे। उन्होंने कहा कि जिस पोल के तार से दुर्घटना हुई, उसकी जानकारी हादसे के बाद मिली और तुरंत तार को सड़क से हटा दिया गया। दूसरी ओर डिलारी क्षेत्र के गांव वाजिदपुर में आंधी के दौरान गांव निवासी छोटे खां (40) दोमंजिला मकान का छज्जा गिरने पर मलबे में दबकर घायल हो गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
3 of 12
रामपुर में दीवार गिरने से कार क्षतिग्रस्त
- फोटो : संवाद
वहीं संभल के असमोली थाना क्षेत्र के गांव महमूदनगर निवासी भूरा की टिनशेड भी आंधी में गिर गई। इसकी चपेट में आकर भूरा, उनकी पत्नी नसरीन और तीन बच्चे घायल हो गए। उधर सहसपुर में आंधी में गिरे बिजली के तार को हटाते समय मोहललला सुलेमानी मस्जिद निवासी सलीम (60) की करंट लगने से माैत हो गई
4 of 12
संभल में सड़क पर गिरे पेड़
- फोटो : संवाद
आंधी में टूटे पोल, गिरे पेड़... शहर के कई इलाकों में हाहाकार
आंधी और बारिश तो बुधवार रात को ही थम गई लेकिन उसके कारण हुए नुकसान से लोग 24 घंटे बाद भी परेशान हैं। नया मुरादाबाद, मानसरोवर, शास्त्री नगर, सरोवर नगर और मझोला समेत कई इलाकों में खंभे गिरने के कारण 24 घंटे बाद भी बिजली सप्लाई बहाल नहीं हो सकी। इससे गुस्साए लोगों का सब्र टूट गया और बृहस्पतिवार को नया मुरादाबाद बिजलीघर में जमकर विरोध-प्रदर्शन हुआ।
विज्ञापन
5 of 12
पेड़ गिरने से लगा रहा जाम
- फोटो : संवाद
लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अफसरों पर लापरवाही का आरोप लगाया। बिजली न होने से लोगों के घरों में अंधेरा छाया रहा। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि बुधवार रात 11 बजे से बिजली गुल है, लेकिन विभागीय कर्मचारी सिर्फ आश्वासन देते रहे। घरों के इनवर्टर जवाब दे चुके हैं और पानी की मोटरें बंद होने से लोग बूंद-बूंद पानी को तरस गए।
विज्ञापन
6 of 12
मुरादाबाद में बिजली नहीं आने से गुस्साए लोग
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी। कई घरों में इंडक्शन चूल्हों पर खाना बनता है, ऐसे में परिवारों को बाहर से खाना मंगाना पड़ा। उमस भरी गर्मी में पूरी रात लोगों ने छतों और गलियों में बैठकर गुजारी। बृहस्पतिवार रात आठ बजे तक भी इलाके में बिजली सप्लाई सुचारु नहीं हो पाई। यही हाल मझोला क्षेत्र में रहा। लोग रोजमर्रा के कार्यों के लिए भी परेशान रहे।
विज्ञापन
7 of 12
इस तरह पढ़ाई करते बच्चे
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मानसरोवर, शास्त्री नगर और सरोवर नगर में भी हालात खराब रहे। बुधवार रात 10 बजे गई बिजली बृहस्पतिवार शाम तक बहाल नहीं हो पाई। लोग लगातार बिजलीघरों के फोन घनघनाते रहे लेकिन राहत नहीं मिली। कर्मचारियों ने ट्रांसफार्मर की चार्जिंग स्प्रिंग खराब होने की बात कहकर लोगों को टालने की कोशिश की।
8 of 12
मुरादाबाद में आंधी से टूटे पेड़
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
इंजीनियरिंग टीम को बुलाकर सप्लाई सुचारू कराने का आश्वासन दिया गया। अधीक्षण अभियंता प्रशांत कुमार ने माना कि आंधी में खंभे गिरने और तार टूटने से आपूर्ति प्रभावित हुई है। उन्होंने दावा किया कि टीमों को लगाकर सप्लाई सुचारू कराने का काम कराया जा रहा है।
9 of 12
मुरादाबाद में आंधी से टूटे पेड़
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
24 घंटे से बिजली नहीं है। घरों में पानी खत्म हो गया। बच्चे और बुजुर्ग गर्मी में बेहाल हैं। बार-बार शिकायत करने पर भी सिर्फ आश्वासन मिला। मजबूर होकर हमें बिजलीघर पहुंचकर प्रदर्शन करना पड़ा, तब जाकर अधिकारी बाहर निकले। - रूप सिंह
पूरे दिन बिना बिजली के हालात बदतर हो गए। इंडक्शन बंद होने से खाना तक नहीं बन पाया। पानी की एक बूंद नहीं बची थी। विभाग को फोन मिलाते रहे लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। लोगों का गुस्सा स्वाभाविक है। - हेमंत टंडन
आंधी के बाद बिजली गुल हुई तो अगले दिन रात तक नहीं आई। उमस में बच्चों का बुरा हाल हो गया। विभाग की लापरवाही से लोग परेशान हैं। अगर समय पर मरम्मत होती तो लोगों को इतना नहीं झेलना पड़ता। - आलोक माथुर
10 of 12
बिजली नहीं आने से अंधेरे में बैठे लोग
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बिजली कटौती ने घर और कारोबार दोनों चौपट कर दिए। मोबाइल तक चार्ज नहीं हो सके। फ्रिज का सामान खराब होने लगा। इतनी बड़ी समस्या के बावजूद विभागीय अफसर मौके पर नहीं पहुंचे। लोगों को खुद सड़क पर उतरना पड़ा। - हरजीत सिंह दिवाकर
रातभर मच्छरों और गर्मी के बीच बैठे रहे। सुबह पानी खत्म हो गया। कई बार फोन किया लेकिन कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। लोगों को ऐसा लगा जैसे बिजली विभाग ने उन्हें उनके हाल पर छोड़ दिया हो। - सुनीत शुक्ला
एक आंधी ने बिजली व्यवस्था की असलियत सामने ला दी। खंभे टूटे पड़े रहे और कर्मचारी नदारद रहे। लोगों में डर था कि कहीं कोई हादसा न हो जाए। विभाग की धीमी कार्यशैली ने मुश्किलें और बढ़ा दीं। - प्रमोद कुमार
जब 24 घंटे बाद भी बिजली नहीं आई तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बिजलीघर पहुंचकर विरोध करना पड़ा। पानी, खाना और गर्मी ने हालात खराब कर दिए। अब लोग सिर्फ आश्वासन नहीं, स्थायी समाधान चाहते हैं। - नमन खन्ना
11 of 12
आंधी में टूटी झोपड़ी
- फोटो : संवाद
उमस और गर्मी ने शहरवासियों को किया बेहाल
मुरादाबाद में मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर चल रहा है। देर रात आंधी-बारिश की वजह से खराब हुआ मौसम बृहस्पतिवार सुबह साफ हो गया। दिनभर चटख धूप खिली। इसकी वजह से भीषण गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे। मौसम विज्ञान विभाग के डाटा संग्रह केंद्र के प्रभारी निसार अहमद ने बताया कि बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
वातावरण में सुबह नमी 78 फीसदी थी, जो शाम को 56 फीसदी रही। सुबह बारिश 3.8 मिलीमीटर दर्ज की गई। हवा पूरब से पश्चिम दिशा में पांच से दस किलोमीटर प्रति घंटा रही। उन्होंने बताया कि रात में हुई बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा। उन्होंने कहा कि अगले चार दिन मौसम साफ रहने की वजह से तेज धूप निकलेगी और गर्मी बढ़ने की संभावना है।