मुरादाबाद जिले में सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या में अचानक इजाफा देखा जा रहा है। जिला अस्पताल और निजी चिकित्सालयों में पिछले तीन दिन से खांसी, सांस फूलना और गले में जलन की शिकायत लेकर मरीज पहुंच रहे हैं। आश्चर्यजनक बात यह है कि प्रदूषण नियंत्रण विभाग द्वारा अधिकृत समीर एप पर एक्यूआई का आंकड़ा लगातार सुधर रहा है।
विभाग के मुताबिक दिवाली की देररात भी जिले का एक्यूआई 292 रहा। जबकि समीर एप पर ही शहर के कुछ इलाकों में एक्यूआई 464 तक पहुंचा था। बाद में एप से 24 घंटे का डाटा अचानक गायब हो गया। बृहस्पतिवार को मुरादाबाद का एक्यूआई 166 दर्ज किया गया है। वास्तविक स्थिति यह है कि खराब हवा के कारण सांस के मरीजों की तादाद 20-25 प्रतिशत बढ़ गई है।