मुरादाबाद जिला जेल के गेट पर बुधवार दोपहर एक महिला को 555 नशीली गोलियों के साथ गिरफ्तार किया गया। उसने अपनी कमर में बंधी बेल्ट में गोलियां छुपा रखी थीं। महिला ने बुर्का पहन रखा था। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि उसका बेटा हत्या के मामले में जेल में बंद है। वह बेटे के लिए ही गोलियां लेकर जा रही थी। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक नगर अखिलेश भदौरिया ने बताया कि जिला जेल के गेट पर बुधवार दोपहर मुलाकतियों की लाइन लगी थी। चेकिंग के बाद उन्हें जेल में प्रवेश दिया जा रहा था। इसी दौरान महिला बंदी रक्षकों ने बुर्का पहनकर आई एक महिला की तलाशी शुरू की। महिला ने अपनी कमर पर बेल्ट बांध रखी थी। शक होने पर महिला से बेल्ट खोलने को कहा गया तो वह पीठ में दर्द होने का बहाना बनाने लगी।