फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी में नारियल को लेकर गैंगवार: गोलियों की तड़तड़ाहट से दहशत, हाईवे पर थम गए थे वाहन; चौकी प्रभारी निलंबित

Tue, 02 Jun 2026 09:26 PM IST
विकास कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुरादाबाद

सार

दिल्ली रोड पर पुलिस चौकी के सामने सोमवार की रात हुई फायरिंग की घटना नारियल के कारोबार पर कब्जे को लेकर दो गुटों में छिड़ी जंग का नतीजा मानी जा रही है। दरअसल अब गुटों में बंटे कारोबारी एक साथ कारोबार कर रहे थे लेकिन अब दोनों अलग अलग हैं। 
विज्ञापन
1 of 11
गोलीबारी में घायल युवक - फोटो : अमर उजाला
यूपी के मुरादाबाद की मझोला की लाइन पार पुलिस चौकी से समझौता कर निकले नारियल कारोबारी पर सामने से आए बाइक सवारों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बुलेट चला रहे पीएसी के सेवा निवृत्त दरोगा धनीराम के बेटे विवेक कुमार उर्फ सोनू के कंधे में गोली लग गई। इसके बाद हमलावर फायरिंग कर मौके से भाग गए। चौकी के सामने हाईवे पर हुई इस घटना से लोगों में दहशत फैल गई। एसएसपी ने चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया है। 
विज्ञापन

2 of 11
मुरादाबाद के लाइनपार में फायरिंग के बाद जांच करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि सिविल लाइंस के मऊ निवासी विवेक कुमार उर्फ सोनू (25) के पिता धनीराम 23वीं पीएसी से सेवा निवृत्त दरोगा हैं। विवेक के साथी छजलैट के छज्जूपुरा निवासी तनुष्क चौधरी और बदायूं के सिविल लाइंस के नेकपुर निवासी आर्यन चौधरी और ऋषि कश्यप साथ में नारियल का व्यापार करते हैं। शहर में जगह जगह ठेले पर नारियल बिकवाते हैं। 
विज्ञापन

3 of 11
मुरादाबाद के लाइनपार में फायरिंग के बाद जांच करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
सोमवार की दोपहर की करीब 12 बजे आर्यन और तनुष्क बुद्धि विहार स्थित गोल चक्का पर ठेले वालों से कलेक्शन करने गए थे। आरोप है कि इसी दौरान नारियल विक्रेता जिशान और उसके भाई ने आर्यन के साथ गए युवक पर चापड़ से हमला कर दिया था। इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हो गई थी। दोनों ही पक्षों ने लाइन पार पुलिस चौकी में तहरीर दी थी। आरोप है कि जिशान के पक्ष से नारियल कारोबारी संतोष पंडित, अमन ठाकुर, वरुण ठाकुर, मिथुन और किशन पाल यादव आ गए थे। सोमवार रात को करीब पौने नौ बजे दोनों पक्षों के बीच लाइन पार पुलिस चौकी में समझौता हो गया और इसके बाद अपने अपने घर जाने लगे थे। 

4 of 11
मुरादाबाद के लाइनपार में फायरिंग के बाद जांच करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
आर्यन और ऋषि थार में सवार थे जबकि बुलेट पर तनुष्क और विवेक उर्फ सोनू सवार थे। बुलेट विवेक चला रहा है। ऋषि कश्यप ने पुलिस को बताया कि आगे आगे बुलेट चल रही थी जबकि पीछे पीछे थार थी। इसके पीछे स्कार्पियो थी। जिसमें शांतनु राठी, हिमांशु सवार थे। कुंदन पेट्रोल पंप से पहले ही यू टर्न लेने के बाद थार और बुलेट सवार शहर की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान सामने से बाइक सवार आ गए और उन्होंने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। तनुष्क को निशाना बनाकर फायरिंग की लेकिन वह बच गया और बाइक चला रहे विवेक उर्फ सोनू के कंधे में गोली लग गई। 
विज्ञापन

5 of 11
मुरादाबाद के लाइनपार में फायरिंग के बाद जांच करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
घायल अवस्था में ही काफी दूर तक विवेक दौड़ा। इसके बाद हमलावर फायरिंग करते हुए भाग गए। आर्यन ने अपनी थार भी रोक ली और स्कार्पियो में घायल विवेक को जिला अस्पताल ले गए जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर विवेक को रेफर कर दिया। विवेक को कॉसमॉस अस्पताल में भर्ती कराया गया गया है। एसपी सिटी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। हमलावरों की तलाश में पुलिस की चार टीमें दबिश दे रही हैं। अब तक की जांच में सामने आया है कि नारियल कारोबार को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस चौकी में समझौता करने के बाद दोनों पक्ष अपने अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान फायरिंग की गई थी।
विज्ञापन

6 of 11
मुरादाबाद के लाइनपार में फायरिंग के बाद जांच करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
बेखौफ हमलावरों ने पुलिस चौकी के सामने चलाई गोलियां
सोमवार की 8:45 बजे दिल्ली हाईवे पर बुद्धि विहार मोड़ पर स्मार्ट सिटी के खोखे पर ग्राहकों की भीड़ मौजूद थी। कई दोपहिया वाहन वहां खड़े थे। इसी दौरान बाइक सवारों ने फायरिंग शुरू कर दी। जिससे मौके पर भगदड़ मच गई और हाईवे पर वाहनों के पहिये थम गए। घटना पुलिस चौकी के सामने की थी जिससे दहशत फैल गई। कुंदन पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल भरवाकर निकले विनय ठाकुर ने बताया कि वह अपने घर लौट रहे थे। उन्होंने सामने देखा कि फायरिंग हो रही है। इस दौरान उसके पास से एक गोली निकल गई। जिसमें वह बाल बाल बच गए। खोखे से पानी की बोतल खरीद रहे राकेश ने बताया कि उनके सामने ही पूरी घटना हुई है। कई राउंड फायरिंग हुई है। एक युवक के घायल होने के बाद उसके साथी उसे कार में बैठाकर ले गए थे। इसके बाद हमलावर फायरिंग कर सर्किट हाउस की ओर भाग गए थे।
विज्ञापन

7 of 11
मुरादाबाद के लाइनपार में फायरिंग के बाद जांच करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
आर्यन और तनुष्क बोले हमें भी निशाना बना रहे थे हमलावर
बदायूं के सिविल लाइंस क्षेत्र के नेकपुर निवासी आर्यन चौधरी ने बताया कि वह मुरादाबाद के रामगंगा विहार में रहकर नारियल का कारोबार कर रहा है। दो माह पहले ही कारोबार शुरू किया था। सोमवार की रात वह अपनी थार से ऋषि के साथ रामगंगा विहार जा रहा था। विवेक को गोली लगी तो वह थार रोककर नीचे उतर आया। आर्यन का दावा है कि उस पर फायरिंग की। गनीमत रही कि उसे कोई नुकसान नहीं हुआ। तनुष्क चौधरी ने पुलिस को बताया कि हमलावर उसे ही निशाना बना रहे थे।

8 of 11
मुरादाबाद के लाइनपार में फायरिंग के बाद जांच करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
चौकी अंदर भी दोनों पक्षों में हुई थी बहस
पुलिस चौकी अंदर भी दोनों पक्षों में बहस हुई थी। हालांकि पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कर दिया था। चौकी में लिखित समझौता हुआथा कि जिशान और उसका भाई 40 हजार रुपये आर्यन और तनुष्क को देंगे।

9 of 11
मुरादाबाद के लाइनपार में फायरिंग के बाद जांच करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
तीन साल पहले संतोष पंडित पर हुआ था हमला
मुरादाबाद। मझोला के नया मुरादाबाद निवासी संतोष पंडित पर भी फायरिंग हुई थी। संतोष पंडित पर पार्श्वनाथ प्लाजा के पास तीन साल पहले फायरिंग की गई थी। जिसमें रजत शर्मा समेत अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इस मामले में संतोष पंडित के बयानों के आधार पर पुलिस ने केस में पूर्व ब्लॉक प्रमुख ललित कौशिक को भी आरोपी बनाया था।

10 of 11
मुरादाबाद के लाइनपार में फायरिंग के बाद जांच करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
नारियल के कारोबार पर कब्जे को लेकर दो गुटों में छिड़ी है जंग
दिल्ली रोड पर पुलिस चौकी के सामने सोमवार की रात हुई फायरिंग की घटना नारियल के कारोबार पर कब्जे को लेकर दो गुटों में छिड़ी जंग का नतीजा मानी जा रही है। दरअसल अब गुटों में बंटे कारोबारी एक साथ कारोबार कर रहे थे लेकिन अब दोनों अलग अलग हैं। इलाका तक बांट लिया गया है। अगर महानगर की बात करें तो 250 से भी ज्यादा स्थानों पर नारियल के ठेले लगते हैं।
विज्ञापन

11 of 11
मुरादाबाद के लाइनपार में फायरिंग के बाद जांच करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
पुलिस की जांच में सामने आया है कि आर्यन चौधरी, तनुष्क चौधरी और दूसरे पक्ष से संतोष पंडित और किशन पाल ने दो माह पहले नारियल कारोबार शुरू किया था। बेंगलुरु से नारियल मंगवाते और शहर में जगह जगह ठेलों पर बिकवाते थे। मंडी समिति में ट्रक उतारने के बाद शहर में सप्लाई दी जाती थी। करीब 15 दिन पहले साझेदारों में विवाद हो गया था। इसके बाद आर्यन और तनुष्क एक गुट में हो गए जबकि संतोष पंडित, किशन पाल दूसरे गुट में हो गए थे। आर्यन और तनुष्क ने अपने साथ ऋषि कश्यप, विवेक कुमार उर्फ सोनू को जोड़ दिया था। उधर संतोष और किशन ने अपने साथ मिथुन, वरुण, अमन और अन्य युवकों को कर लिया। इसके बाद दोनों ही गुट बेंगलुरु से अलग अलग नारियल मंगवाने लगे थे। इसके बाद उन्होंने बेचने वालों को उधार माल देना शुरू कर दिया था। इसके बाद कलेक्शन लेना शुरू कर दिया था। गोल चक्का पर ठेला लगाने वाले जिशान और उसके भाई पर करीब 40 हजार रुपये बकाया था। आर्यन और तनुष्क सोमवार को जिशान से रुपये लेने गए थे। तब पता चला कि जिशान दूसरे पक्ष से माल उठा रहा था। इसके अलावा भी कई ठेलों पर इसी तरह का विवाद सामने आ रहा था। पिछले 15 दिन में दोनों पक्षों में कई बार तनातनी हो चुकी थी। अब पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें