युवती से दरिंदगी करने के आरोपियों को भेजा गया जेल
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
सपा प्रमुख अखिलेश यादव का हमला, बोले- जिसका शासन अपराध पर टिका, उसकी पुलिस भी भ्रष्ट
अमरोहा के हसनपुर क्षेत्र में उत्तराखंड के विधायक के फार्म हाउस में हरियाणा की युवती से हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले ने अब सियासी तूल पकड़ लिया है। घटना में पुलिसकर्मियों और सीआरपीएफ जवानों की संलिप्तता सामने आने के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार की कानून-व्यवस्था पर तीखा हमला बोला है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा, जिसका शासन ही अपराध पर टिका हो, उसकी पुलिस भी हर तरह से भ्रष्ट हो जाती है। अमरोहा में एक युवती के साथ हुआ सामूहिक दुष्कर्म पुलिस पर लगा ऐसा दाग है, जिसे किसी का संरक्षण भी नहीं बचा पाएगा। आरोपियों पर ऐतिहासिक कार्रवाई होनी चाहिए। विधायक से जुड़े फार्म हाउस पर गैंगरेप की खबर सोशल मीडिया और मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल होने के बाद विपक्ष पूरी तरह हमलावर हो गया है। सपा अध्यक्ष ने सरकार से मामले में निष्पक्ष और कठोरतम कार्रवाई की मांग की है।