फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: मिर्जापुर में बवाल...भेड़ चोरों और पुलिस को 12 घंटे तक बनाया बंधक, वैन पर पथराव; सात थानों की पहुंची फोर्स

Thu, 11 Dec 2025 08:12 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, मिर्जापुर।

सार

Mirzapur News: यूपी के मिर्जापुर में ग्रामीणाों के बवाल की सूचना मिलते ही माैके पर मड़िहान थाने की पुलिस भी पहुंच गई। सुखनई गांव में सैकड़ों ग्रामीणों ने मिलकर 11 तस्करों और एक पुलिसकर्मी को बंधक बना लिया था। काफी मशक्कत के बाद मामला शांत हुआ।
विज्ञापन
1 of 8
ग्रामीणों की पिटाई से घायल लोग। - फोटो : संवाद
कई महीने से मवेशियों की चोरी से परेशान ग्रामीणों ने मड़िहान थाना क्षेत्र के सुखनई गांव में बीती रात 11 बजे भेड़ चोरी कर भाग रहे पिकअप सवार 11 आरोपियों को पकड़ लिया। सभी की जमकर पिटाई की। सुबह लगभग छह बजे बिना वर्दी के पहुंचे एक कांस्टेबल को भी आरोपियों का सरगना समझकर पिटाई कर दी। पुलिस की गाड़ी पर पथराव भी कर दिया।

एसडीएम और सीओ ने समझाने का प्रयास किया पर ग्रामीणों ने आरोपियों को 12 घंटे तक बंधक बनाए रखा। एएसपी ऑपरेशन मनीष मिश्रा ने आरोपियों को किसी तरह छुड़ाकर अस्पताल पहुंचवाया।

थाना क्षेत्र के सुखनई गांव निवासी प्रेम के बाड़े के पास बुधवार की देर रात दो पिकअप आकर खड़ी हुईं। एक पिकअप पर 20 भेड़ लादकर छह आरोपी भाग गए। दूसरी पिकअप पर छह भेड़ों को लादा गया था। इसी दौरान पशुपालक की नींद खुल गई। शोर मचाने पर 11 आरोपी पिकअप लेकर भागने लगे।
विज्ञापन

2 of 8
बवाल काट रहे ग्रामीणों को समझाते एएसपी। - फोटो : संवाद
ग्रामीणों ने पीछा कर दूसरे गांव के लोगों को आरोपियों के बारे में जानकारी दी। रास्ते में ग्रामीणों ने सड़क पर पत्थर के बोल्डर फेंक कर वाहन रोककर आरोपियों को पकड़ लिया। इसके बाद आरोपियों को लेकर गांव में पहुंचे। वहां बंधक बनाकर ग्रामीणों ने उनकी जमकर पिटाई की। सुबह आसपास के गांवों के पशुपालक और अन्य लोग मौके पर पहुंच गए।
विज्ञापन

3 of 8
ग्रामीणों से बातचीत करती पुलिस। - फोटो : संवाद
सूचना के बाद सुबह छह बजे मड़िहान थाने की फोर्स पहुंची। बिना वर्दी के पहुंचे कांस्टेबल जितेंद्र यादव ने जैसे ही आरोपियों को पुलिस वैन में बैठाने की कोशिश की, भीड़ ने चोरों का सरगना उनकी भी लात-घूसों से पिटाई कर दी। सूचना पर आसपास के सात थानों की फोर्स पहुंच गई। किसी प्रकार पुलिस कर्मियों ने कांस्टेबल जितेंद्र को भीड़ से निकाला तो लोगों ने पुलिस वैन पर पथराव कर दिया। मड़िहान क्षेत्राधिकारी शिखा भारती ने कांस्टेबल को अस्पताल पहुंचवाया।

4 of 8
पुलिस वैन को रोककर ग्रामीणों ने किया हंगामा। - फोटो : संवाद
इसके बाद ग्रामीण और पुलिस प्रशासन आमने-सामने हो गए। ग्रामीणों ने विधायक और डीएम, एसपी को बुलाने की मांग की। पुलिस ने घायल सभी आरोपियों को पुलिस की दो गाड़ियों में बैठा लिया। पुलिस जब आरोपियों को लेकर जाने लगी तो ग्रामीण शोर मचाते हुए गाड़ियों के सामने आ गए। महिलाएं, बच्चे भी पुलिस की गाड़ी के सामने पत्थर लेकर खड़े थे। उपजिलाधिकारी मड़िहान अनेग सिंह और सीओ शिखा भारती भीड़ को समझाती रहीं पर लोग नहीं माने। मौके पर पहुंचे एएसपी ऑपरेशन मनीष मिश्रा ने समस्याओं को दूर करने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग माने।
विज्ञापन

5 of 8
ग्रामीणों ने मचाया हंगामा। - फोटो : संवाद
कार्रवाई न करने का लगाया आरोप
भेड़ चोरी के आरोपियों को बंधक मुक्त करने पहुंचे एएसपी ऑपरेशन के सामने ग्रामीणों ने मड़िहान थानाध्यक्ष बालमुकुंद मिश्रा पर चोरी के मामलों में कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में तीन माह में 12 से अधिक चोरियां हुई हैं। पुलिस ने कुछ मामलों में ही प्राथमिकी दर्ज की है। किसी मामले का खुलासा नहीं हो सका। पीड़ितों से पुलिस दुर्व्यवहार करती है। 

विशाल पाल ने बताया कि क्षेत्र में तीन महीने से पशु चोरी की घटनाएं हो रही हैं। प्राथमिकी भी दर्ज नहीं होती। पुलिस दुर्व्यवहार करती है। ग्रामीणों ने अपने गांव को पड़री थाने से जोड़ने की मांग की। बताया कि मड़िहान की दूरी 35 किलोमीटर है, तो पड़री थाने की दूरी मात्र 12 किलोमीटर है। 

एएसपी ऑपरेशन ने ग्राम प्रधान को सहमति पत्र बनाकर देने के लिए कहा। एएसपी ने अपना मोबाइल नंबर देकर कहा कि अगर थाने पर सुनवाई नहीं होती तो सीधे मुझे समस्या बताएं। कई पीड़ितों ने शिकायती पत्र देकर चोरी का खुलासा करने और हर्जाने की मांग की।
विज्ञापन

6 of 8
इसी वैन में भेड़ लादकर ले जा रहे थे तस्कर। - फोटो : संवाद
22 लोगों ने चोरी की शिकायत की
लालगंज थाना क्षेत्र के बनवारी गांव निवासी शोभनाथ पाल ने बताया कि आठ महीने पहले 50 भेड़ चोरी हुई थी। 24 नवंबर को चोर 20 भेड़ उठा ले गए। मड़िहान थाना क्षेत्र के मालपुर गांव निवासी हरी शंकर पाल ने बताया कि 80 बकरी- बकरे अगस्त में चोरी हुए थे। हीरामनी पाल ने बताया कि बुधवार की सुबह 10 लोग तीन बाइक से रेकी करते दिखे थे। कुल 22 पीड़ितों ने पशुओं की चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई।
विज्ञापन

7 of 8
हंगामा के बीच ग्रामीणों से बातचीत करती पुलिस। - फोटो : संवाद
गिरफ्तार किए गए आरोपी
भेड़ चोरी के मामले में पकड़े गए आरोपियों में देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के समोगरा निवासी लालमणि, रमेश वनवासी, राजेश वनवासी, नगीना, बबलू बनवासी, शंकर लाल शामिल हैं। इसके अलावा पड़री थाना क्षेत्र के टेंगराही निवासी रामबाबू विश्वकर्मा, विंध्याचल थाना क्षेत्र के गोड़सर निवासी धनंजय विश्वकर्मा, बबलू बनवासी, देहात कोतवाली के देवखरा निवासी कुन्नी, राजातालाब निवासी सुनील कुमार सोनकर हैं। पुलिस की निगरानी में सीएचसी मड़िहान में सभी का इलाज कराने के बाद थाने ले जाकर कार्रवाई की जा रही है।

विज्ञापन

8 of 8
तस्करों को पीटकर जमीन पर लेटाया। - फोटो : संवाद
मड़िहान थाना क्षेत्र में भेड़ चोरी के मामले में ग्रामीणों ने आरोपियों को पकड़ा है। इनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। गैंगस्टर एक्ट की भी कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने सुरक्षा व अन्य मुद्दों पर बात की है। पुलिस चौकी बनाने की बात की गई है। ग्राम समिति के माध्यम से इनको पूरा कराया जाएगा। - मनीष मिश्रा, एएसपी ऑपरेशन।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें