फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: ढाई घंटे और चार वारदात... जो मिला, उसे ही मार दी गोली, इस बात से खफा हमलावरों ने चार लोगों को किया शूट

Mon, 10 Nov 2025 12:39 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, बागपत

सार

बागपत में बाइक सवार दो युवकों ने शनिवार की रात दिल्ली हाईवे और अन्य मार्गों पर एक के बाद एक चार लोगों को गोली मारी, जिनमें निबली निवासी कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा के भतीजे शेखर शर्मा उर्फ चिंटू (22), नौरोजपुर गुर्जर निवासी विप्रो कंपनी के इंजीनियर अनुज नैन (35) की मौत हो गई। 
विज्ञापन
1 of 12
murder in baghpat - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत में शराब के नशे में निबाली गांव के आर्यन और आदिल को ऐसी सनक चढ़ी कि रास्ते में जो भी मिलता रहा, उसे गोली मारते रहे। यह दोनों केवल अपने गांव के शेखर को मारने की योजना बनाकर आए थे मगर केवल ढाई घंटे में चार घटनाओं को अंजाम दे दिया। इन्होंने सबसे पहले साढ़े नौ बजे प्रवेश को गोली मारी थी और इसके बाद रात करीब 12 बजे इंजीनियर अनुज नैन की हत्या की। 
पहली घटना को आरोपियों ने मीतली-बसाैद मार्ग पर अंजाम दिया। बुढेड़ा गांव निवासी विशेष लोक अभियोजक इंद्रपाल गुर्जर के छोटे भाई अधिवक्ता रविंद्र और चचेरे भाई प्रवेश शनिवार देर रात पाबला गांव में भात नौतने की रस्म के बाद बाइक से वापस लौट रहे थे। मीतली-बसौद मार्ग पर मंदिर से आगे पहुंचे तो आर्यन व आदिल शराब के नशे में बाइक लेकर जा रहे थे।
विज्ञापन

2 of 12
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई अनुज की गाड़ी - फोटो : वीडियो ग्रैब
इन दोनों ने रविंद्र से सटाते हुए बाइक आगे निकाली, जिससे वह गिरते हुए बचे। इस पर प्रवेश ने दोनों को कहा कि बाइक ठीक से चला ले। इतना कहते ही पीछे बैठे आर्यन ने चलती बाइक पर तमंचा निकालकर प्रवेश की कमर में गोली मार दी। आर्यन और आदिल ने प्रवेश से गाली-गलौज होने की बात भी कही है।
विज्ञापन

3 of 12
गोली लगने से घायल हुआ अधिवक्ता का चचेरा भाई प्रवेश - फोटो : वीडियो ग्रैब
प्रवेश को गोली लगने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे देर रात मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। पांच घंटे चले ऑपरेशन में चिकित्सकों ने गोली निकाल ली और 72 घंटे के लिए प्रवेश को वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया। जहां प्रवेश की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

4 of 12
मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हुआ बदमाश आर्यन शर्मा - फोटो : वीडियो ग्रैब
आरोपियों ने इसके बाद दूसरी घटना अग्रवाल मंडी टटीरी में की। टटीरी के आंबेडकरनगर में रिश्तेदारी में आए प्रशांत निवासी गलीरा जिला सहारनपुर अंडे की दुकान पर आमलेट खा रहे थे। तभी वहां पर शराब के नशे में आए आर्यन शर्मा और आदिल भी अंडे खाने लगे। 
 
विज्ञापन

5 of 12
मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हुए बदमाश को ले जाते पुलिसकर्मी - फोटो : पुलिस
आर्यन ने प्रशांत को दी गाली
प्रशांत और आर्यन के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी। तभी आर्यन ने प्रशांत को गाली दे दी। इस पर प्रशांत ने आर्यन को थप्पड़ मार दिया तो आर्यन ने तमंचा निकालकर प्रशांत पर तानते हुए गोली चला दी। बचाव में प्रशांत ने अपना हाथ आगे किया तो गोली उसके हाथ में लग गई। प्रशांत को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर कर दिया।
विज्ञापन

6 of 12
मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हुए बदमाश को ले जाते पुलिसकर्मी - फोटो : पुलिस
पिटाई का बदला लेने के लिए की शेखर की हत्या
आरोपियों ने तीसरी घटना को निवाड़ा-नौरोजपुर गुर्जर मार्ग पर अंजाम दिया। यहां पिटाई का बदला लेने के लिए गांव निबाली निवासी शेखर की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि तीन माह पहले खेकड़ा गई बरात में डीजे पर डांस करते समय हुए झगड़े में पिटाई का बदला लेने के लिए आर्यन और उसके साथी आदिल ने शेखर की हत्या कर दी। हत्यारोपी आर्यन शर्मा मृतक शेखर के कुनबे का चचेरा भाई है और दोनों के मकान भी बराबर में हैं।
विज्ञापन

7 of 12
मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हुए बदमाश को ले जाते पुलिसकर्मी - फोटो : पुलिस
कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा के ममेरे भाई पवन निवासी निबाली के बेटे शेखर शर्मा कुंडली की कंपनी में सुपरवाइजर थे, जो रोजाना रात में दस से 12 बजे तक घर आ जाते थे। इसलिए ही निवाड़ा-नौरोजपुर गुर्जर मार्ग पर आरोपी काफी पहले पहुंच गए। वहां इंतजार करने के बाद बाइक आई तो उसे रोककर हेलमेट उतरवाया। हेलमेट उतरने पर शेखर की पहचान हो गई और आर्यन ने तमंचा निकालकर शेखर के सीने में गोली मार दी।

8 of 12
मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हुए बदमाश को ले जाते पुलिसकर्मी - फोटो : पुलिस
गुफा वाले मंदिर के पास की चौथी वारदात
हत्यारोपियों ने चौथी वारदात गुफा वाले मंदिर के पास की। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर गुफा मंदिर के पास गाड़ी खड़ी देखकर उसमें बैठे इंजीनियर अनुज नैन (35) के पास आर्यन व आदिल पहुंच गए। दोनों ने अनुज के बारे में पूछा की वह कौन है और इसके बाद उनकी कहासुनी हुई। आर्यन ने तमंचा निकालकर अनुज को गोली मार दी और उसे हाईवे किनारे फेंककर दोनों उसकी कार को हरिद्वार जाने के लिए लेकर गए मगर बाद में हरिद्वार जाने की योजना बदल दी।
 

9 of 12
शेखर उर्फ चिंटू की हत्या के बाद बागपत पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे निबाली गांव के ग्रामीण व परिजन - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
नौरोजपुर गुर्जर गांव निवासी देवेंद्र सिंह ने बताया कि उनका बड़ा बेटा अनुज कुमार नैन दिल्ली की विप्रो कंपनी में इंजीनियर पद पर तैनात थे। शनिवार रात अनुज नैन दिल्ली की कंपनी में ड्यूटी करने के बाद अपनी कार से लौट रहे थे, लेकिन रात में घर नहीं पहुंचे।

10 of 12
शेखर उर्फ चिंटू की फाइल फोटो - फोटो : परिजन
इसके बाद रविवार की सुबह पुलिसकर्मियों ने फोन कर अनुज का शव गुफा मंदिर के पास मिलने की जानकारी दी, जबकि उसकी गाड़ी, मोबाइल, क्रेडिट कार्ड समेत अन्य सामान नहीं मिला। उन्होंने बताया कि अनुज की कार रात में गांव में भी देखी गई, जिसके आगे एक बाइक भी जा रही थी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो बाइक सवार आर्यन और आदिल नजर आए। उसके आधार पर हत्यारोपियों की पहचान की गई।

11 of 12
गोली लगने से घायल हुआ सहारनपुर निवासी प्रशांत - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पोस्टमार्टम से हत्या का पता चला
गुफा मंदिर के पास नेशनल हाईवे किनारे पड़े मिले अनुज नैन की मौत को पहले सड़क हादसा माना गया। पुलिस का कहना है कि प्रथमदृष्टया जांच में चेहरे और हाथ पर चोट लगने के निशान मिले। बाद में कैमरे की फुटेज खंगाली और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट हुआ कि उसको गर्दन पर गोली मारी गई है।
विज्ञापन

12 of 12
अनुज कुमार नैन की फाइल फोटो - फोटो : परिजन
22 लाख रुपये का पैकेज, परिवार में दो बच्चे
परिजनों ने बताया कि अनुज कुमार नैन दिल्ली की विप्रो कंपनी में 22 लाख रुपये सालाना के पैकेज पर नौकरी करते थे, जो रोजाना कार से आना-जाना करते थे। अनुज दो भाइयों में बड़े थे और छोटा भाई अमित भी नौकरी करता है। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें