मेरठ जनपद के सात विधानसभा क्षेत्रों में सबसे अधिक मतदाता वाले विधानसभा क्षेत्र में शामिल दक्षिण पर सभी की नजरें टिकीं हैं। एक तरफ भाजपा से सोमेंद्र तोमर लगातार दूसरी बार जीत का दावा कर रहे हैं। वहीं, सपा के महानगर अध्यक्ष और दूसरी बार दक्षिण विधानसभा सीट से मैदान में उतरे आदिल चौधरी भी बड़ी जीत का दावा कर रहे हैं। आंकड़ों के हिसाब से पिछले दो बार के विधानसभा चुनावों में मुस्लिम मतदाताओं के बिखराव ने भाजपा को जीत का स्वाद चखाया है। लेकिन इस बार कयास लगाए जा रहे हैं कि मुस्लिम मतदाता का ज्यादातर झुकाव समाजवादी पार्टी की ओर रहा है। हालांकि, इस बार भी दक्षिण विधानसभा पर प्रमुख पार्टियों के तीन मुस्लिम प्रत्याशी मैदान में हैं। इससे मुकाबला कांटे का हो गया है।
दलित मतदाताओं पर सभी कर रहे दावा
दक्षिण विधानसभा में सरायकाजी, शेरगढ़ी, मलियाना सहित अन्य कई गांवों में दलित मतदाताओं की संख्या अधिक है। हालांकि, इस बार दलित मतदाताओं का रुझान एकतरफा न जाने से पार्टियों में हलचल बढ़ गई है। दलित मतदाता भाजपा, सपा और बीएसपी के साथ जाता हुआ दिखा है। इससे भी समीकरण बिगड़ गए हैं।