फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जयंत के सामने बड़ा संकट: रालोद के टिकट पर दिल्ली से सिवालखास तक भूचाल, पार्टी के झंडे में लगाई आग, खूब हो रहा विरोध, देखें तस्वीरें

Tue, 18 Jan 2022 09:17 PM IST
कपिल kapil अमर उजाला ब्यूरो, मेरठ
विज्ञापन
1 of 5
मेरठ में रालोद विरोध। - फोटो : amar ujala
मेरठ में सिवालखास विधानसभा सीट से रालोद के सिंबल पर पूर्व विधायक गुलाम मोहम्मद को चुनाव लड़ाए जाने की घोषणा के बाद पूरे सियासी हल्के में भूचाल आ गया है। दिल्ली से लेकर सिवालखास तक लोग खुलकर विरोध में आ गए हैं। रालोद के फेसबुक पेज पर लोगों ने टिकट पर सवाल उठा दिए। लोगों में गुस्सा इतना है कि कई गांवों में जयंत के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रालोद के झंडे में आग लगा दी गई। पूर्व जिलाध्यक्ष राहुल देव ने आहत होकर पार्टी ही छोड़ दी है। जाट महासंघ की तरफ से भी एलान कर दिया है कि अगर सिवालखास से जाट प्रत्याशी नहीं बनाया गया तो वे किसी भी विधानसभा सीट पर गठबंधन को वोट नहीं देंगे।

सिवालखास विधानसभा सीट पर तीन दिन से टिकट को लेकर जंग छिड़ी हुई थी। कार्यकर्ता लगातार दिल्ली जाकर चौधरी जयंत से यहां पर रालोद से जाट प्रत्याशी लड़ाने की मांग कर रहे थे। चौधरी चरण सिंह के संसदीय क्षेत्र की विधानसभा सीट पर कार्यकर्ता सपा के प्रत्याशी को स्वीकार करने के मूड में नहीं थे। कई दिन की महाभारत के बाद मंगलवार शाम को रालोद के फेसबुक पेज पर सपा के पूर्व विधायक गुलाम मोहम्मद को प्रत्याशी घोषित किया गया तो इसका असर तुरंत देखने को मिल गया।
विज्ञापन

2 of 5
रालोद का झंडा फूंका गया। - फोटो : amar ujala
ढडरा जैसे गांव में जयंत के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रालोद के झंडे में आग लगा दी गई। बड़ी संख्या में रालोद कार्यकर्ता सुबह से ही दिल्ली में डेरा डाले हुए थे। कार्यकर्ताओं में रालोद से जाट प्रत्याशी को टिकट नहीं दिए जाने के वजह बेहद गुस्सा है।
विज्ञापन

3 of 5
रालोद का झंडा फूंका गया। - फोटो : amar ujala
रालोद के पूर्व जिलाध्यक्ष राहुल देव ने टिकट वितरण में लिए जा रहे फैसलों के चलते पार्टी छोड़ दी। उन्होंने कहा कि सिवालखास जैसी जाट बाहुल्य सीट भी अपने प्रत्याशी को नहीं दिए जाने से पार्टी वफादारों में रोष है।

4 of 5
चौधरी जयंत सिंह। - फोटो : amar ujala
सिवालखास में जाट को टिकट नहीं तो गठबंधन के साथ नहीं : रोहित जाखड़
जाट महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित जाखड़ ने एलान किया है कि अगर सिवालखास में गठबंधन ने जाट बिरादरी से प्रत्याशी नहीं बनाया तो जाट महासंघ इसका विरोध करेगा। किसी भी विधानसभा सीट पर गठबंधन को वोट नहीं दी जाएगी। जाट महासंघ की तरफ से कहा गया कि जब अखिलेश यादव के क्षेत्र में रालोद का कोई उम्मीदवार नहीं लड़ रहा तो फिर चौधरी जयंत सिंह के क्षेत्र में सपा कैसे अपना उम्मीदवार उतार रही है। रोहित जाखड़ ने कहा कि यह जाटों के स्वाभिमान की लड़ाई है, अगर सिवालखास से जाट प्रत्याशी घोषित नहीं किया गया तो हम जिले की किसी भी सीट पर गठबंधन का प्रत्याशी नहीं जीतने देंगे। आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी। रोहित जाखड़ ने कहा कि हम पूरे वेस्ट में इसको लेकर मुहिम चलाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
जयंत की पोस्ट पर खूब आ रहे मैसेज। - फोटो : amar ujala
रालोद के फेसबुक पेज पर डॉ. राजकुमार सांगवान की मांग
रालोद के फेसबुक पेज की जिस पोस्ट के जरिए गुलाम मोहम्मद को प्रत्याशी घोषित किया गया है, उस पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मैसेज कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने यहां तक लिख दिया है कि गुलाम मोहम्मद ने चौधरी साहब के हारने पर चुटकी ली थी कि बन गए चौधरी। कार्यकर्ता डॉ. राजकुमार सांगवान को टिकट देने की मांग कर रहे हैं। कई कार्यकर्ताओं ने डॉ. राजकुमार सांगवान को निर्दलीय चुनाव लड़ने के मैसेज डालने शुरू कर दिए हैं। एक कार्यकर्ता ने लिखा है कि राजकुमार सांगवान बहुत पुराने कार्यकर्ता हैं, अगर इनको सम्मान नहीं मिला तो किसी को सम्मान नहीं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें