देश विदेश की मीडिया की सुर्खियां बनी ज्ञानवापी को लेकर मंदिर मस्जिद की लड़ाई अब उत्तर प्रदेश के देवबंद तक पहुंच गई है। देश में विभिन्न धार्मिक स्थलों को लेकर बढ़ रहे विवाद, कॉमन सिविल कोड और मुल्क के वर्तमान हालात को लेकर जमीयत उलमा-ए-हिंद का दो दिवसीय इजलास ईदगाह के मैदान में शनिवार से शुरू हो गया। इजलास में देश के कोने-कोने से करीब चार हजार से अधिक प्रमुख उलमा शिरकत कर अहम मुद्दों पर चर्चा करने पहुंचे हैं। इस अधिवेशन के दौरान कई प्रस्ताव भी पारित किए जाएंगे। अधिवेशन में देशभर के दिग्गज उलेमा और गवर्निंग बॉडी के सदस्य देशव्यापी प्रमुख समस्याओं को लेकर मंथन कर रहे हैं।
ईदगाह मैदान के बीचों बीच तकरीबन पांच हजार लोगों के बैठने की क्षमता वाले पंडाल के नीचे यह अधिवेशन चल रहा है। जिसमें 24 से अधिक एसी लगाए गए हैं। संगठन के जिला महासचिव जहीन अहमद ने बताया कि इजलास जमीयत के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी की अध्यक्षता में आयोजित किया जा रहा है, जो तीन चरणों में संपन्न किया जाएगा। वहीं, कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है।