मेरठ और बिजनौर को जोड़ने वाले भीमकुंड घाट पर करोड़ों रुपये से बनाया गया गंगा का पुल इस समय खतरे में है। वहीं शनिवार को कटान के कारण पुल से लगा बिजनौर साइड की सड़क का हिस्सा गंगा में बह गया है। लेकिन इससे पहले अफसरों की नींद नहीं टूटी। वहीं दोपहर में जब सड़क का बड़ा हिस्सा बह जाने की सूचना अफसरों तक पहुंंची तो हड़कंप मच गया। पिछले तीन दिनों से अमर उजाला ने लगातार खबर प्रकाशित की लेकिन, कोई भी अधिकारी समय से नहीं पहुंच पाया।
भीमकुंड गंगा पुल पर चांदपुर की ओर पिछले तीन दिनों से भीषण कटान चल रहा था, जिसकी खबर अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित की। लेकिन किसी भी अधिकारी ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। जिसका नतीजा यह रहा कि सड़क का बड़ा हिस्सा गंगा में बह गया है। अब पुल पूरी तरह बाधित हो गया है।