मेरठ में शुक्रवार को कमिश्नरी चौराहे के पास स्थित जलकल विभाग के कर्मचारियों के घरों में सांभर( बारहसिंघा) घुस आया। बदहवास हालत में सांभर इधर से उधर दौड़ता रहा। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने सांभर को रेस्क्यू कर हस्तिनापुर के जंगल में छुड़वाया। तकरीबन साढ़े तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम सांभर को पकड़ सकी। हालांकि ऐसा पहली बार नहीं है जब जंगली जानवर घनी आबादी में घुस आया हो। हाल ही में शहर में तेंदुए के भी आबादी में घुसने से लोगों में दहशत फैल गई थी।
दरअसल भीड़ को देखकर सांभर घबरा गया और बदहवास हालत में इधर से उधर दौड़ता रहा। वहीं वन विभाग की टीम सांभर को रेस्क्यू करने का प्रयास करती रही। लेकिन वो किसी की पकड़ में नहीं आया। टीम ने सांभर को पकड़ने के लिए पांच जाल बिछाए, लेकिन सांभर वन विभाग के व्यूह को चकमा देता रहा। दौड़ दौड़कर थक जाने के बाद बाद सांभर आखिरकार एक जाल में फंस गया। जिसके बाद वन विभाग की टीम उसे पकड़कर हस्तिनापुर के जंगल में छोड़ आई। आगे तस्वीरों में देखें कैसे आबादी में घुसने के बाद परेशान दिखा सांभर।