फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दुश्वारियों की बारिश: चार मकान ढहे, 12 घंटे गुल रही बिजली, जनजीवन अस्त-व्यस्त, धान-सब्जियों की फसलें चौपट

Mon, 10 Oct 2022 04:27 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

सार

   
विज्ञापन
1 of 6
बारिश, किसान, फसलें बर्बाद - फोटो : अमर उजाला
अक्तूबर माह में बारिश ने जिले में 42 वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। शुक्रवार दोपहर से शुरू हुई बारिश सोमवार शाम तक भी जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक मेरठ में 127 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। वहीं पारा लुढ़कने से ठंड ने दस्तक दे दी है। बदल रहे मौसम के साथ आगे भी तापमान का स्तर कम होने की संभावना जताई गई है। कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि उत्तराखंड, पश्चिमी मध्य प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर नम हवाओं के असर के साथ ही चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके चलते 11 अक्तूबर तक भारी वर्षा होने का अनुमान है।
  
अगले 24 से 48 घंटे तक लगातार भारी बारिश के आसार
आईआईएफएसआर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष का कहना है कि अभी 24 से 48 घंटे तक भारी बारिश की संभावना है। रविवार को अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि बारिश से हवा में प्रदूषण का स्तर कम रहा और एक्यूआई वायु गुणवत्ता सूचकांक 12 दर्ज किया गया। 
विज्ञापन

2 of 6
नाले में समाई कार - फोटो : अमर उजाला
नाले में समाई कार, लोगों ने बचा ली हलवाई के पोते की जान 
बारिश के दौरान मेरठ में खेमा हलवाई के पौत्र आकाश की कार पुरानी मोहनपुरी और सुभाषनगर के बीच से गुजर रहे दस फीट नाले में गिर गई। आसपास खड़े लोगों ने आकाश की जान बचा ली लेकिन नगर निगम की टीम सूचना के डेढ़ घंटे बाद पहुंची। करीब चार घंटे बाद कार को क्रेन की मदद से निकाला गया। बीच लोग लगातार निगम मुर्दाबाद के नारे लगाते रहे। 

गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त आकाश ने कार का शीशा खोल रखा था। घटनास्थल पर मौजूद पार्षद पवन चौधरी और कुछ अन्य लोग आकाश को डूबते देख नाले में कूद गए और किसी तरह उनकी जान बचाई। सूचना पाकर आकाश के पिता और परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। परिवार वालों ने स्थानीय लोगों का आभार जताया। पार्षद और भाजपा नेता उत्तम सैनी ने निगम अधिकारियों को फोन किए। घटना के एक घंटे के बाद निगम कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष अनीस अहमद तो पहुंचे, लेकिन प्रशासनिक सक्षम अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। निर्माण विभाग के एक जेई और कर्मचारी ही मौके पर रहे।
विज्ञापन

3 of 6
बारिश, किसान, फसलें बर्बाद - फोटो : अमर उजाला
फसलों में भारी नुकसान, मुश्किल में किसान
बारिश से धान व सब्जी की फसलों को अधिक नुकसान हुआ है। अगेती फसल बुवाई भी प्रभावित हो रही है। कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि भारी वर्षा से धान व गन्ने की फसल गिर गई है। गोभी, धनिया, पालक, मूली की फसल को भी क्षति हुई है।

4 of 6
बारिश, किसान, फसलें बर्बाद - फोटो : अमर उजाला
वर्ष                अक्तूबर माह मेें बारिश
1980                32.6
1981                11.6
1984                10.7
1988                11.9
1990                16.5
1996                33.0
1997                75.0
1998                30.0
1999                21.0
2003                21.7
2004                51.0
2009                2.0
2013                0.4
2014                2.1
2016                1.2
2018                4.0
2019                22.9
2022                127.0  
नोट- 1980 से 2022 तक जिन वर्षों के आंकड़े नहीं लिखे गए हैं, उनमें बारिश शून्य दर्ज की गई। आंकड़े मौसम कार्यालय से प्राप्त हुए। 
विज्ञापन

5 of 6
बारिश - फोटो : अमर उजाला
पेड़ गिरे, फाल्ट हुए, बिजली-पानी का संकट झेलते रहे लोग 
बारिश की वजह से शहर में जगह-जगह पेड़ गिर गए। इससे बिजली की लाइनों में फाल्ट हुए। शहर में लोहियानगर, अहमदनगर, पटेल नगर समेत कई क्षेत्रों में तो 12 घंटे से भी अधिक समय तक बिजली गुल रही। कई जगहों पर फाल्ट ठीक नहीं हो पाए जिस कारण लोग परेशान रहे।

पटेल नगर, जलीकोठी, अहमदनगर और पूर्वा फैयाज अली क्षेत्र में शनिवार देर रात 2 बजे बिजली गुल हुई और रविवार दोपहर 2 बजे तक यहां विद्युत आपूर्ति सुचारु नहीं हो पाई। 11 केवी की लाइन में फाल्ट के चलते यहां विद्युत आपूर्ति बाधित रही। लोहियानगर क्षेत्र शनिवार रात 11 बजे बिजली गुल हुई जो सुबह 10 बजे तक भी नहीं आई। कुछ स्थानों की बिजली सुचारू हुई लेकिन कहीं दिन भर बिजली गुल ही रही।
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
मकान गिरे - फोटो : अमर उजाला
लालकुर्ती में कारों पर गिरा पेड़
लालकुर्ती स्थित क्रिस्टल पैलेस के सामने तेज बारिश और हवा के कारण शीशम का पेड़ टूटकर कारों के ऊपर गिर गया। पेड़ गिरने के कारण यहां गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। पेड़ का तना बिजली के तारों के ऊपर आकर गिरने से यहां विद्युत आपूर्ति भी करीब दो घंटे तक बाधित रही। तारों के ऊपर से पेड़ की टहनियों को हटाकर विद्युत आपूर्ति सुचारु कराई गई।

माछरा क्षेत्र के गांव हसनपुर कलां में इकबाल, अब्बास और रमेश के मकान आसपास हैं। बारिश के कारण तीनों की मकानों की छतों की कडियां टूटकर गिर गईं। मलबे में दबे लोगों को आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर निकाला। घर का सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया।

सेंट जोजफ स्कूल की दीवार धंसी
लालकुर्ती क्षेत्र में स्थित सेंट जोजफ इंटर कालेज की बाउंड्रीवाल धंस गई। स्कूल के पास रैपिड रेल निर्माण कार्य चल रहा है और यहां सुरंग बनाई जा रही है। बारिश के कारण सेंट जोजफ स्कूल की दीवार धंसनी शुरू हुई तो आसपास के लोग दहशत में आ गए। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें