कृषि विश्वविद्यालय के डीन वेटरनरी डॉ. राजवीर सिंह पर शुक्रवार को गोलियां बरसाने वाले बदमाशों का पता लगाने के लिए पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले। एक फुटेज में हेलमेट लगाए बदमाश बाइक पर भागते दिखाई दे रहे हैं। इनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं डॉ. राजवीर सिंह की हालत नाजुक है।
मूलरूप से बागपत के हेवा गांव निवासी डॉ. राजवीर सिंह का परिवार कंकरखेड़ा स्थित डिफेंस एंकलेव में रहता है। शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे कार से लौटते समय मोदीपुरम स्थित बिजलीघर के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनकी कार रुकवाई और शीशा नीचे करते ही ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। उन्हें करीब आठ गोलियां लगीं। बदमाशाें ने 16 राउंड फायर किए। वारदात के बाद न्यूटिमा अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। फायरिंग के दौरान एक गोली फोन में भी लगी। पुलिस इसे ठीक करा रही है ताकि जांच में इसकी मदद ली जा सके। पुलिस डॉ. राजबीर के जल्द ठीक होने का भी इंतजार कर रही है, ताकि उनसे घटना के कारणों के बारे में कुछ पता चल सके।