मेरठ के रोहटा में दो साल की मासूम और महिला की मौत के मामले में पुलिस हादसे और हत्या के बीच में उलझी है। वहीं सोमवार को बागपत में मृतका ज्योति का पोस्टमार्टम किया गया और इस पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। रिपोर्ट में सामने आया है कि ज्योति की मौत सिर में चोट लगने से हुई है और उसके शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं। दरअसल, पूठखास गंगनहर में डूबी ज्योति का शव हिंडन नदी में मिला था, जबकि गंगनहर का हिंडन नदी से कोई कनेक्शन नहीं है। पुलिस को अंदेशा है कि हत्या के बाद शव फेंका गया है। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है। वहीं, रोहटा पुलिस के मुताबिक बालैनी में महिला का पोस्टमार्टम कराया गया जहां रिपोर्ट ने हत्या की आशंका को और गहरा कर दिया है।
विज्ञापन
2 of 6
गंगनहर हादसा
- फोटो : अमर उजाला
भले ही पुलिस हत्या की आशंका जता रही है, लेकिन ज्योति के पति आशीष ने कुछ और ही कहानी सुनाई। तीन बेटी पैदा होने के बाद बेटे की चाह में आशीष के परिवार का परिवार बिखर गया। आशीष ने बेटे की चाह में मोदीनगर के एक ओझा से संपर्क किया। उसने परिवार को बताया कि बेटा पाने के लिए लगातार पांच रविवार सुबह 4 बजे गंगा स्नान करना होगा। स्नान से पूर्व शनिवार को मायके से मिट्टी लानी होगी।
यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद बेटा पैदा हो जाएगा। इस अंधविश्वास में आशीष और ज्योति फंस गए। यही कारण था कि रविवार को पहले स्नान के लिए आशीष अपनी पत्नी और बेटी भव्या के साथ गंगनहर गया था। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना है कि एसपी देहात को जांच कर सख्त कार्रवाई के लिए निर्देश दिए गए हैं। साक्ष्य जुटाने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
3 of 6
गंगनहर हादसा, विलाप करते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
परिवार के लोगों से अलग-अलग बात कर रही पुलिस
नहर में डूबने से संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस परिवार के लोगों से अलग-अलग बातचीत कर रही है। वहीं महिला के मायके पक्ष वालों से भी बातचीत की जा रही है कि किसी प्रकार का कोई विवाद तो नहीं है। वहीं महिला की मौत के बाद दोनो बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। अब उनको कौन संभालेगा?
दो जनपदों में छिपा मौत का रहस्य
रोहटा और बागपत पुलिस के बीच महिला की मौत का रहस्य बनकर रह गया। बागपत और मेरठ पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है। रोहटा पुलिस का कहना है कि महिला का शव बागपत से बरामद हुआ है। ऐसे में जांच पड़ताल वहां की पुलिस को करनी होगी। वहीं बागपत पुलिस ने मेरठ पुलिस पर पूरा मामला टरका दिया है।
एनडीआरएफ टीम ने संभाली कमान
गंग नहर में घटना होने के बाद एसपी देहात अनिरुद्व सिंह ने एनडीआरएफ टीम गायिजाबाद से संपर्क किया। दो घंटे में टीम मेरठ पहुंची और तत्काल सर्च ऑपरेशन में लग गई। सबसे पहले बच्ची को तलाश किया। इसके बाद बागपत से सूचना मिल गई कि वहां पर महिला के शव को बरामद किया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की आशंका जताई
हिंडन में मिली महिला का पोस्टमार्टम बागपत में कराया गया। चिकित्सकों ने महिला की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। वहीं रोहटा पुलिस का कहना है कि जरूरत पड़ने पर बच्ची का दफनाया गया शव निकालकर पोस्टमार्टम कराया जा सकता है। पुलिस फिलहाल हिरासत में लिए गए पति से पूछताछ कर रही है।