यूपी पुलिस (UP POLICE) अक्सर अपने कारनामों को लेकर विवादों में रहती है। उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद में भी चार दिनों के भीतर दो ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनसे खाकी की खूब किरकिरी हो रही है। वहीं चार दिन पहले कंकर खेड़ा थाना की योगीपुरम चौकी पर पुलिसकर्मियों के बीच जमकर संघर्ष हुआ था। इस दौरान पुलिसकर्मियों के बीच चाकूबाजी भी हुई थी, जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया था। यह मामला ठंडा भी नहीं पड़ा कि अब फिर से एक नया मामला सामने आ गया है। गुरुवार को सरूरपुर थाना क्षेत्र में मेरठ-करनाल हाईवे स्थित भूनी चौराहे पर उस समय भीड़ गई, जब एक सिपाही वर्दी में ही शराब के नशे में हाथ में इंसास थामे उत्पात मचाने लगा। इस दौरान शराब के नशे धुत सिपाही ने जमकर उत्पात मचाया। वहीं सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उससे इंसास ले ली।
लोगों ने बनाया वीडियो
बताया गया कि जिस समय सिपाही शराब के नशे में उत्पात मचा रहा था तो वहीं कुछ लोगों ने उसका वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई।