मेरठ के खैरनगर में हुई मेराब और कोनेन की हत्या के पीछे तंत्र-मंत्र और प्रेम-प्रसंग की कहानी निकली। जिसमें पांच परिवार (शाहिद-निशा, सऊद, मुसर्रत, कोसर और आरिफ) बर्बाद हो गए। निशा के तीन बच्चों की मौत दस साल पहले हुई है। एसपी सिटी पीयूष सिंह ने बताया कि पूर्व में मासूमों की मौत कैसे हुई, इसकी भी अब जांच की जाएगी। इसको लेकर निशा से पुलिस ने तीन घंटे पूछताछ की। तंत्र-मंत्र का काम निशा कई साल से करती थी। इसकी जानकारी आसपास के लोगों को भी है। पड़ोसन मुसर्रत और कोसर सहित कई महिलाएं तो निशा की बातों पर पूरा विश्वास करती थीं। जिसका नतीजा है कि निशा के बच्चों की हत्या में पांच परिवार बर्बाद हो गए।
गुरुवार रात में ही पुलिस को पता चल गया कि बच्चों की हत्या हो गई है और मुख्य आरोपी सऊद है, उसको ढूंढने में पुलिस लग गई। इससे पहले पुलिस घेराबंदी करती कि वह खुद थाने पहुंच गया। पीड़ित शाहिद को पुलिस ने बुलाया और दोनों बच्चों की हत्या के बारे में बताया। पुलिस की पूछताछ में सऊद ने बताया कि 9:30 बजे बच्चों के शवों को वह नहर में फेंक आया था।