मेरठ के खैरनगर में भाई-बहन की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया। पुलिस ने बच्चों की मां निशा व पूर्व पार्षद सऊद फैजी सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया है। एसपी सिटी पीयूष सिंह ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर घटना का खुलासा कर दिया। दोनों बच्चों के शव रोहटा रोड स्थित पूटखास गंग नहर से बरामद हो गए। वहीं वारदात में शामिल सऊद के बारे में लगातार नए राज खुल रहे हैं। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि निशा बेग और पूर्व पार्षद सऊद फैजी तीन महीने पहले ही बच्चों को मारकर निकाह करने का प्लान बना चुके थे, लेकिन उन्हें इसके लिए सही मौका नहीं मिल रहा था। आखिरकार बुधवार की रात को दोनों का प्लान कामयाब हो गया और दोनों बच्चों को मौत के घाट उतार डाला गया।
इंस्पेक्टर देहलीगेट ऋषिपाल सिंह ने बताया कि सीएए की हिंसा में सऊद फैजी देशद्रोह का आरोपी रहा है। उसने खैरनगर में भड़काऊ पोस्टर चस्पा कराए थे। पुलिस ने छानबीन की। पता चला कि सऊद के निशा के अलावा भी कई महिलाओं से संबंध हैं। पुलिस ने उसके मोबाइल की सीडीआर निकाली है।