मेरठ के परतापुर से लक्की अपनी नानी शरबती, मौसी कोमल और मौसी के छह वर्षीय बेटे रुद्र को बाइक पर बिठाकर खरखौदा जा रहा था। धानोटा के पास हादसा हो गया। कार छोड़कर चालक फरार हो गया। परिजनों का रोकर बुरा हाल है।
खरखौदा में मेरठ-बुलंदशहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर धानोटा के पास भीषण सड़क हादसे में दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह वर्षीय मासूम का पैर कट गया। यह हादसा सोमवार को उस समय हुआ, जब एक तेज रफ्तार कार ने अनियंत्रित होकर बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीन महिलाएं और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में शामिल दो महिलाओं की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि बच्चे की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
विज्ञापन
2 of 5
राहत और बचाव कार्य करती पुलिस और लोग।
- फोटो : अमर उजाला
जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के लोनी निवासी लक्की अपने दोस्तों के साथ बाइक पर सवार होकर मेरठ के थाना परतापुर क्षेत्र के शिवपुरा स्थित अपनी ननिहाल आया था। वहां से वह अपनी 65 वर्षीय नानी शरबती को लेकर मुरादाबाद गांव में अपनी मौसी कोमल के घर पहुंचा। कुछ देर बाद, लक्की अपनी नानी शरबती, मौसी कोमल (35) और मौसी के छह वर्षीय बेटे रुद्र को बाइक पर बिठाकर खरखौदा की ओर रवाना हुआ। बताया जा रहा है कि वे सभी खरखौदा से मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती लक्की की मामी काजल को देखने जा रहे थे।
विज्ञापन
3 of 5
मौके पर जमा भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
जैसे ही उनकी बाइक मेरठ-बुलंदशहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर धानोटा स्थित ग्रैंड बीच रिजॉर्ट के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद बाइक और कार दोनों डिवाइडर से टकरा गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि बाइक पर सवार नानी शरबती और मौसी कोमल उछलकर करीब 20 फीट दूर सड़क के दूसरी ओर जा गिरीं। वहीं, छह वर्षीय रुद्र की एक टांग मौके पर ही कट गई।
4 of 5
क्षतिग्रस्त बाइक।
- फोटो : अमर उजाला
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस द्वारा मेरठ मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान शरबती और कोमल ने दम तोड़ दिया। वहीं, लक्की और रुद्र की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे की खबर मिलते ही शिवपुरा और मुरादाबाद गांव से परिजनों का जमावड़ा मेडिकल कॉलेज में लग गया। पुलिस ने दोनों महिलाओं के शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस कार चालक की तलाश कर रही है, जो घटना के बाद मौके से फरार हो गया था।
सीओ किठौर, सौम्या अस्थान ने बताया कि सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, लेकिन दो महिलाओं की मौत हो गई है और बच्चा व युवक गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर रही है।