फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: लाठी-डंडों से पीटकर उतारा था मौत के घाट, परिजनों का प्रेम-प्रसंग से इनकार, अब इस दावे पर टिकी जांच

Tue, 30 Jun 2026 11:33 AM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

सार

सोनीपत के जठेड़ी में मेरठ निवासी विशाल की हत्या मामले में पुलिस ने तीन विशेष टीमें गठित की हैं। जांच में प्रेम प्रसंग के शक के साथ 40 हजार रुपये के लेन-देन का विवाद भी सामने आया है। आरोप है कि विशाल की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या की गई।
विज्ञापन
1 of 5
विशाल हत्याकांड - फोटो : अमर उजाला
सोनीपत के जठेड़ी गांव में मेरठ निवासी 26 वर्षीय विशाल की हत्या के मामले में जांच तेज हो गई है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें गठित की हैं। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग के शक को हत्या की वजह बताया जा रहा है, वहीं मृतक के परिजनों ने दावा किया है कि हत्या के पीछे 40 हजार रुपये का लेन-देन था और पूरे मामले को प्रेम प्रसंग का रूप देने की कोशिश की जा रही है। विशाल का लहूलुहान शव जठेड़ी-राठधाना मार्ग पर खेत में मिला था। आरोप है कि उसे लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटकर मौत के घाट उतारा गया।

तीन टीमें आरोपियों की तलाश में जुटीं
राई थाना पुलिस ने हत्या के मामले में दो टीमें और अपराध जांच शाखा की एक टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पक्ष के ओमवीर ने स्वयं थाना पहुंचकर घटना की जानकारी दी थी। शिकायत के आधार पर तनुज उर्फ अनुज और उसके साथियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

यह भी पढ़ें: Meerut Weather Update: अषाढ़ लगा मॉनसून लापता, उमस बरकरार, काली घटा छाईं लेकिन बारिश के लिए दो दिन इंतजार
विज्ञापन

2 of 5
सोनीपत के गांव जठेड़ी में युवक की हत्या के बाद शव को लेकर जाते परिजन - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मोबाइल पर सुनी बेटे की अंतिम चीखें
मेरठ के खंदावली गांव निवासी मृतक के पिता शिवकुमार ने बताया कि शनिवार रात उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाला खुद को अनुज उर्फ तनुज बता रहा था। बातचीत के दौरान उन्हें अपने बेटे विशाल की दर्दभरी चीखें सुनाई दे रही थीं। साथ ही पीछे से कुछ लोगों की आवाज आई कि 'तुम्हारे बेटे को खत्म कर दिया है, अब उसे उठाकर ले जाओ।' सूचना मिलते ही परिवार रात में ही सोनीपत पहुंचा, जहां पता चला कि विशाल की हत्या कर उसका शव खेत में फेंक दिया गया था।
 
विज्ञापन

3 of 5
विशाल का फाइल फोटो - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
प्रेम प्रसंग या 40 हजार रुपये का विवाद?
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पड़ोसी ओमवीर को अपनी पत्नी और विशाल के बीच कथित प्रेम संबंध होने का शक था। मृतक के पिता का आरोप है कि इसी बात को लेकर पहले भी उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी गई थी।

वहीं, मृतक के बड़े भाई अतुल ने पुलिस जांच के बीच नया दावा किया है। उनका कहना है कि हत्या की असली वजह प्रेम प्रसंग नहीं, बल्कि 40 हजार रुपये का लेन-देन था। आरोप है कि रुपये लौटाने से बचने के लिए महिला का नाम बीच में लाकर पूरे मामले को प्रेम प्रसंग का रंग दिया गया और उसी बहाने विशाल को निशाना बनाया गया। पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
 

4 of 5
खरखौदा के खंदावली गांव में भाई की हत्या के बाद बदहवास बहनें - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था विशाल
विशाल मेरठ के खंदावली गांव का रहने वाला था और पिछले चार वर्षों से राई औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत था। वह जठेड़ी गांव में किराये के मकान में रह रहा था। परिवार में माता-पिता, एक बड़ा भाई और दो बहनें हैं। परिजनों के अनुसार, परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी दोनों भाइयों पर थी और घर में भविष्य की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
सोनीपत के गांव जठेड़ी में युवक की हत्या के बाद राई थाना में पहुंचे युवक के पिता, भाई व अन्य परिजन - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
परिवार का आरोप- फैक्टरी से उठाकर खेत में ले गए
परिजनों का आरोप है कि विशाल को कंपनी के बाहर से ही अपने साथ ले जाया गया। इसके बाद उसे गांव से बाहर खेत में ले जाकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया। उनका कहना है कि आरोपियों ने तब तक मारपीट की, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें