पुलिस की ट्रेनिंग ले रही फर्जी आरक्षी
- फोटो : अमर उजाला
17 जून की रात पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय (पीटीएस) में एक फर्जी महिला प्रशिक्षु सिपाही को पकड़ा गया था। इस युवती के पास से परिचय पत्र, बेल्ट, टोपी और वर्दी भी बरामद की गई थी। इसका खुलासा तब हुआ जब महिला प्रशिक्षुओं की गिनती की गई तो 401 के स्थान पर 402 महिला प्रशिक्षु मिलीं। बिजनौर निवासी प्रीति नाम की जो युवती अतिरिक्त प्रशिक्षु मिली, उसका कहीं भी रिकॉर्ड नहीं मिला था। जिसके बाद आरोपी प्रीति के खिलाफ थाना खरखौदा पर केस दर्ज कराते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
इस प्रकरण में आईजी पीटीएस लक्ष्मी सिंह ने जांच बैठाते हुए कहा था कि फर्जी महिला आरक्षी ने दूसरे जनपदों में भी ट्रेनिंग ली है, जिसके चलते उसकी भूमिका संदिग्ध नजर आ रही है। वहीं, पुलिस की जांच में बिजनौर का सिपाही कपिल जांच के घेरे में है। विवेचक बीएस चौहान के अनुसार आरोपी सिपाही कपिल ने धामपुर के साइबर कैफे से युवती के फर्जी कागजात तैयार कराए। मेडिकल भी फर्जी पाया गया।