सूरज की तपिश के साथ ही पारा भी चढ़ता जा रहा है। लू ने भी हाल बेहाल कर दिया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी राहत के आसार नहीं दिख रहे हैं। वहीं तापमान तेजी से बढ़ रहा है और गर्म हवाएं चल रही हैं। ऐसे में गर्मी से लोगों का बुरा हाल है।
मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 1.2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। मेरठ के सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के मौसम वैज्ञानिक डाॅ. यूपी शाही का कहना है कि अभी मौसम शुष्क रहेगा, बीच बीच में धूल भरी हवा चलने के आसार हैं। वहीं, पिछले चौबीस घंटे में मेरठ का एयर क्वालिटी 143 से बढ़कर 194 पर पहुंच गया है।
एनसीआर में एक्यूआई में बढ़ोतरी हो रही है। जयभीमनगर 171, गंगानगर 180, पल्लवपुरम 217, दिल्ली रोड 210, बेगमपुल 195 दर्ज किया गया। अभी आगे भी प्रदूषण में बढ़ोतरी के आसार हैं।