मेरठ न्यूज
सात दिन का बेटा, सिर से उठा पिता का साया
हाशिमपुरा कांड कुछ परिवारों को ऐसा दर्द दे गया, जिसे भुलाया नहीं जा सकता है। हाशिमपुरा निवासी जरीना ने अपने शौहर जहीर और बेटा जावेद अख्तर को तो उनकी जिठानी हाजरा ने बेटे नईम को खोया था। हाशिमपुरा कांड से सात दिन पहले ही जरीना को बेटा पैदा हुआ, जिसका नाम सुहेल है। वो आज 31 साल का हो चुका है। जरीना के अनुसार दस बच्चों में सबसे छोटा बेटा सुहेल सात दिन का ही था कि पीएसी के लोग शौहर जहीर और बेटे जावेद को ले गए थे। दो दिन बीत जाने के बाद भी जरीना शौहर और बेटे का इंतजार कर रही थी। तभी कुछ लोगों ने मुरादनगर गंगनहर में लोगों की मारे जाने की खबर सुनाई। जच्चा के तौर पर बिस्तर पर लेटी जरीना को अहसास हो गया था कि उनके बेटे व शौहर को मार दिया गया है। लेकिन अभी दोनों का जनाजा घर पर नहीं आया तो जरीना को एक उम्मीद थी कि हो सकता है दोनों दंगे के दौरान कहीं छिपे हों। लेकिन कुछ दिनों बाद सीआईडी और अन्य पुलिसकर्मियों ने शौहर व बेटे का फोटो और कपड़े दिखाए। शिनाख्त के बाद जरीना की आखिरी उम्मीद भी टूट गई।