मेरठ के फलावदा के गड़ीना गांव में छात्र राजदीप की हत्या में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। हत्या की वजह कक्षा 11 की छात्रा है जो राजदीप की प्रेमिका है। छात्रा को सहपाठी आदित्य भी एकतरफा प्यार करता था। राजदीप को रास्ते से हटाने के लिए आदित्य ने अपने दोस्त कपिल भाटी के साथ मिलकर उसकी हत्या करने का प्लान बनाया था। दोनों आरोपी राजदीप को मोबाइल लूट करने की बात कहकर नंगला हरेेरू-फलावदा मार्ग पर लेकर गए थे। यहां आदित्य ने राजदीप को पकड़ा और कपिल भाटी ने तमंचे से सीने पर गोली मारी। बाद में दुर्घटना का नाटक कर उसे अस्पताल लेकर गए।
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण के मुताबिक आरोपी आदित्य (17) और कपिल भाटी (23) हैं। 24 घंटे पूछताछ करने के बाद दोनों आरोपियों ने हत्या की असली वजह बताई है। उन्होंने बताया कि राजदीप की प्रेमिका से आदित्य एकतरफा प्यार करता है। इसीलिए उसने साजिश रची। छात्रा के पास मोबाइल नहीं है, यह बात राजदीप ने ही आदित्य को बताई थी।