उत्तर प्रदेश के बागपत में मंगलवार देर रात एक प्रेमी युगल की धारदार हथियार से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। दोनों के शव अलग-अलग जगह पड़े मिले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचे और घटना की जांच पड़ताल कर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए। वहीं इस पूरी वारदात को अंजाम देने वाले प्रेमिका के भाई को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार असारा गांव में इज्जत की खातिर एक साथ दो हत्याओं की वारदात को अंजाम दिया गया। यहां प्रेम-प्रसंग के चलते प्रेमी और प्रेमिका को धारदार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया गया। प्रेमिका का शव असारा गांव के जंगल में मिला, जबकि प्रेमी का शव लूंब गांव से बरामद हुआ है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुटी है।