ढाई लाख के इनामी मोस्ट वांटेड बदन सिंह बद्दो की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। वहीं बद्दो की तीन प्रेमिकाओं ने भी कई बड़े राज खोले हैं। उधर, पुलिस की जांच में सामने आया कि बद्दो ने उत्तराखंड के बाजपुर निवासी दोस्त से भी ठगी की थी। पुलिस ने बताया कि इसी दोस्त ने बद्दो को पांच बीघा जमीन दी थी। इसमें बद्दो ने अपना फार्म हाउस बनाया था। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
मेरठ में जेलचुंगी वाली प्रेमिका ने बताया कि बद्दो ने बड़ा धोखा दिया है। मैं उससे कई बार जेल में भी मिलने गई, लेकिन फरारी के बारे में उसने कभी कुछ नहीं बताया। वहीं साकेत इलाके में रहने वाली प्रेमिका ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि बद्दो ने मुझसे एक बड़ा वादा किया था। बद्दो ने कहा था कि वह जहां भी जाएगा उससे फोन पर बात जरूर करेगा। लेकिन फरारी के बाद बद्दो का उसे कोई पता नहीं है। बताया जाता है कि इसी प्रेमिका ने पुलिस कस्टडी से भागने के बाद बद्दो की वेशभूषा बदली थी। इसके अलावा गुरुग्राम वाली प्रेमिका ने भी अपनी दर्दभरी दास्तां सुनाई है। प्रेमिका ने बताया गया कि बद्दो के बेटे सिकंदर को हमेशा अपने बेटे की तरह ही रखा। लेकिन फरारी के बाद बद्दो और बेटे सिकंदर ने कभी मुझसे संपर्क नहीं किया। इस प्रेमिका ने मेरठ से फरारी के बाद बद्दो को दिल्ली मेट्रो स्टेशन से रिसीव किया था।