काधंला में गांव भभीसा स्थित गायत्री देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज के मैदान पर हुई जनसभा में रालोद की स्टार प्रचारक चारु चौधरी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह ने हमेशा ही किसानों की लड़ाई लड़ी है। कभी भी हिंदू मुस्लिम की राजनीति नहीं की। चारु ने कहा कि शामली जनपद से चौधरी साहब के परिवार का बहुत पुराना रिश्ता है। रालोद ने हमेशा मुद्दों की लड़ाई लड़ी है, लेकिन भाजपा और सपा ने प्रदेश में दंगे कराकर लोगों के दिलों में दरार डालने का काम किया है। हम उस दरार को मिटाने का काम करते हैं और करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में समाज के लोगों ने रालोद से मुंह मोड़ लिया था, मगर अब ऐसी गलती मत कर देना।
जनसभा में पहुंचने पर चारु चौधरी का स्वागत किया गया
प्रचार करती चारु चौधरी
कहा कि एक बहू पहली बार आपके क्षेत्र में आई है, लाज रख लेना। कई अन्य नेताओं ने भी जनसभा में विचार रखे। जनसभा में पहुंचने पर चारु चौधरी का स्वागत किया गया। सभा की अध्यक्षता पूर्व विधायक बाबू सिंह और संचालन पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तरसपाल मलिक ने किया। शामली में चारु चौधरी ने कहा कि केंद्र की भाजपा और प्रदेश की सपा सरकारें किसान विरोधी हैं। इन दोनों ही पार्टियों के राज में किसान बर्बाद हो रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने साजिश के तहत 2013 में दंगा कराकर समाज को बांटा, मगर अब जनता समझ चुकी है, किसी के बहकावे में नहीं आएगी।
मुझे मुंह दिखाई में आपका वोट चाहिए
चारू चौधरी का जोरदार स्वागत
बुधवार को कस्बा ऊन में बाईपास पर तहसील के निकट कैराना विधान सभा प्रत्याशी अनिल चौहान के समर्थन में जनसभा हुई। उसमें पहुंची चारु चौधरी ने कहा कि ऊन की पावन धरती से उनका तीन पीढ़ियों का रिश्ता है। मुझे मुंह दिखाई में आपका वोट चाहिए। भाजपा और सपा पर हमला करते हुए कहा कि 2013 में कुछ ताकतें आई और हमारे घरों को जलाकर तमाशा करके कुर्सी पर विराजमान हो गईं, मगर नुकसान पूरे समाज का हुआ। उन्होंने कहा कि हमारे आदर्श चौधरी चरण सिंह की दिल्ली स्थित कोठी को खाली करा लिया गया तथा संग्रहालय के लिए दो गज जमीन तक नहीं दी। चौधरी चरण सिंह की जयंती पर दो पुष्प भी अर्पित नहीं किए।
अफवाह फैलाने वाले अपने मकसद में कामयाब न हो पाएं
रालोद की स्टार प्रचारक चारु चौधरी
अब फैसला आपका है, मान सम्मान के लिए तीनों सीटे जिताकर रालोद को मजबूती प्रदान करें। वहीं, अनिल चौहान ने कहा कि कुछ लोगों द्वारा मेरे खिलाफ झूठी अफवाह फैलाई जाएंगी, लेकिन उस पर ध्यान मत देना। ताकि अफवाह फैलाने वाले अपने मकसद में कामयाब न होने पाएं। चारु चौधरी को कस्बा ऊन की महिलाओं ने सम्मानित किया। भीड़ में उत्साह को देखकर चारु चौधरी गदगद हो गई। वहीं, जब चारु चौधरी भाषण खत्म कर बैठने वाली थी, तो भीड़ ने और बोलने के लिए नारेबाजी शुरू कर दी। इस पर चारु चौधरी ने कहा कि जब यहां के लोग तीनों सीटों को जिताकर भेजेंगे, तब किसानों का मान सम्मान रहेगा।