बागपत जिले में पत्नी और दो बेटियों की हत्या के बाद मुफ्ती मस्जिद छोड़ गए हैं। उन्होंने कहा कि यहां मेरी दुनिया उजड़ गई। वहीं, पुलिस पर पथराव करने और वर्दी फाड़ने पर सपा नेता समेत 89 के खिलाफ मुकदमा किया गया है। गांगनौली में तिहरे हत्याकांड के बाद पुलिस पर हमला करने और वर्दी फाड़ने वालों की वीडियो देखकर पहचान की गई है।
बागपत जिले में ट्रिपल मर्डर केस में नई जानकारी सामने आई है। मुफ्ती इब्राहिम ने पत्नी और दो बेटियों की हत्या के बाद मंगलवार को गांगनौली की मस्जिद और गांव को छोड़ दिया। वह रविवार को कमरे से कुछ सामान व रुपये लेकर गए थे मगर सोमवार को अपना सभी सामान कैंटर में भरकर वहां से चले गए। ग्रामीणों ने मुफ्ती इब्राहिम को रोकने का प्रयास किया लेकिन मुफ्ती नहीं रुके। वह अपने पैतृक गांव सुन्ना जिला शामली गए। इसलिए सोमवार को नमाज के बाद मस्जिद का गेट बंद कर ताला लगा दिया गया।
विज्ञापन
2 of 16
गांगनौली की बड़ी मस्जिद से मुफ्ती का सामान गाड़ी में रखते परिजन
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
शामली जिले के सुन्ना गांव से सोमवार को रिश्तेदारों के साथ गांगनौली गांव की मस्जिद में आए मुफ्ती इब्राहिम ने कमरे में रखा सामान बांधना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने मुफ्ती को सामान बांधने से रोका और यहीं पर रहने के लिए कहा। मुफ्ती इब्राहिम ने कहा कि यहां पर पत्नी और दोनों मासूम बेटियों की हत्या होने से मेरी पूरी दुनिया ही उजड़ गई। समझ नहीं आ रहा है कि अब कहां जाऊं और क्या करूं। अब मैं वापस गांव सुन्ना जा रहा हूं।
विज्ञापन
3 of 16
मस्जिद की सीढ़ी पर लगा खून का निशान।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
कमेटी करेगी देखरेख नमाज के बाद लगेगा ताला
मुफ्ती के गांगनौली से जाने के बाद मस्जिद की देखरेख की जिम्मेदारी कमेटी को दी गई। कमेटी के पदाधिकारी वकील, शहीदू, महरदीन, शाकिर, अलीहसन, फैय्याज, कय्यूम आदि ने बताया कि मुफ्ती ने मस्जिद की जिम्मेदारी कमेटी को वापस दे दी है और अपना सामान लेकर चले गए हैं। नए मुफ्ती के आने तक मस्जिद की देखरेख की जिम्मेदारी कमेटी की रहेगी। नमाज के दौरान ताला खोलकर साफ-सफाई के लिए समाज के एक व्यक्ति को जिम्मेदारी दी जाएगी।
4 of 16
बड़ी मस्जिद के बाहर हंगामा करते सपा नेता (लाल घेरा में) फाइल फोटो
- फोटो : वीडियोग्रैब
पुलिस पर पथराव करने और वर्दी फाड़ने पर सपा नेता समेत 89 के खिलाफ मुकदमा
दोघट के गांगनौली गांव में मुफ्ती इब्राहिम की पत्नी इसराना और दोनों बेटियों सोफिया व सुमाइया की हत्या के बाद बवाल करने वालों की पहचान कर कार्रवाई की गई। इसमें एसआई प्रांशु राजपूत की तहरीर पर पुलिस पर हमला करने, वर्दी-बैज फाड़ने, गाड़ी में तोड़फोड़ और पथराव करने के आरोप में सपा के छपरौली विधानसभा अध्यक्ष सुरेंद्र उर्फ सुंदर समेत 29 नामजद और 60 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
विज्ञापन
5 of 16
मस्जिद में बच्चों व महिला की मौत के बाद गमजदा बैठी महिलाएं
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
गांगनौली गांव में शनिवार को हुए तिहरे हत्याकांड के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया तो मस्जिद के बाहर लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने दो घंटे तक पुलिस को शव नहीं उठाने दिए और वहां बवाल किया गया।
विज्ञापन
6 of 16
गांगनौली गांव की बड़ी मस्जिद के बाहर हंगामा करते लोग
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सरकारी गाड़ी में तोड़फोड़ की गई
वहां काफी खींचतान होने पर शव उठाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए थे। इस मामले में एसआई प्रांशु राजपूत ने रविवार रात को थाने में मुकदमा दर्ज कराया कि गांगनौली गांव की जामा मस्जिद के बाहर सैकड़ों लोगों की भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। वहां पर पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करते हुए वर्दी, बैज फाड़कर फेंक दिए और सरकारी गाड़ी में तोड़फोड़ की गई। वहां पथराव भी किया गया और इस तरह वहां जाम की स्थिति बन गई।
विज्ञापन
7 of 16
गांगनौली गांव की बड़ी मस्जिद के बाहर हंगामा करते लोग
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
इस मामले में जांच अधिकारी सूर्यदीप सिंह ने बताया कि घटना के बाद वीडियो और फोटो देखकर आरोपियों की पहचान की गई। इसमें 29 नामजद और 60 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। अन्य आरोपियों की पहचान भी जल्द कर ली जाएगी और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
8 of 16
मस्जिद के बाहर हंगामे के दौरान पहुंचे पुलिसकर्मियों से होती हाथापाई
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
दस महिलाएं भी मुकदमे में आरोपी बनाई गईं
पुलिस ने सपा नेता सुरेंद्र उर्फ सुंदर, उमर, कय्यूम, शाकिर पुत्र बाबू, शमीम, शाकिर पुत्र सगीर, दानिश, नसीम, अलताफ, साबिर, मेहरूद्दीन, आबिद, समीर, जमशेद, तामिल, भूरा, शब्बीर, मोमीन, अलीशेर, शब्बीरी, मोहिनी, सानिया, शहनाज, नफीशा, शहजादी, सुमैय्या, रूबीना, मुन्नी, रुकसाना और 60 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इस तरह दस महिलाएं भी नामजद हुई हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। वायरल हो रही वीडियो में हंगामा करने वाले भी पुलिस की कार्रवाई शुरू होते ही भूमिगत हो गए हैं।
9 of 16
गांगनौली गांव में घटना की जानकारी लेते सांसद व रालोद पदाधिकारी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सांसद और रालोद विधायक ने मुफ्ती को सांत्वना दी
गांगनौली गांव में तिहरे हत्याकांड के बाद सोमवार को सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान, पूर्व विधायक वीरपाल राठी, जिला पंचायत सदस्य बसंत तोमर, कांग्रेस नेता राम हरि पंवार, देवेंद्र चौहान समेत अन्य पदाधिकारी मुफ्ती इब्राहिम को सांत्वना देने पहुंचे। उन्होंने मुफ्ती इब्राहिम से मिलकर सांत्वना दी। इनके अलावा रालोद विधायक गुलाम मोहम्मद ने रविवार देर शाम गांगनौली पहुंचकर सांत्वना दी। वहीं तीसरे दिन मस्जिद के बाहर तैनात पुलिस बल भी हटा लिया गया।
10 of 16
सोफिया की फाइल फोटो
- फोटो : परिजन
मुफ्ती की बीवी और दो मासूम बच्चियों का कत्ल
बागपत जिले के दोघट के गांगनौली की बड़ी मस्जिद परिसर में शनिवार की दोपहर मुफ्ती इब्राहिम की पत्नी आलिमा इसराना (30), बेटी सोफिया (5), सुमाझ्या (2) की दो नाबालिगों ने बसूली से सिर कुचलकर निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़कर आला कत्ल बसूली और एक चाकू बरामद कर लिया है।
11 of 16
सुमाइया की फाइल फोटो
- फोटो : परिजन
शामली जिले के सुन्ना गांव निवासी मुफ्ती इब्राहिम अपने परिवार के साथ गांगनौली की बड़ी मस्जिद में ऊपरी मंजिल में बने कमरे में तीन साल से रह रहे हैं। उनकी पत्नी इसराना आलिमा की पढ़ाई करके पड़ोस की बच्चियों को दीनी तालीम देती थीं।
12 of 16
गांगनौली गांव की बड़ी मस्जिद में लगा कैमरा (लाल घेरे में)
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
खून से लथपथ चारपाई पर पड़े थे शव
शनिवार दोपहर में छह बच्चियां दीनी तालीम लेने के लिए मस्जिद में आईं तो काफी देर तक आवाज लगाने पर दरवाजा नहीं खुला। वे सीढ़ी से चढ़कर छत पर गईं और दरवाजा खोला। कमरे में जाकर देखा तो इसराना, सोफिया और सुमाइया के शव खून से लथपथ चारपाई पर पड़े दिखे।
13 of 16
गांगनौली गांव की बड़ी मस्जिद के बाहर लाठी से भीड़ को खदेड़ता पुलिसकर्मी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
एसपी से नोकझोंक और एएसपी की गाड़ी को तोड़ने का प्रयास
शव देखते ही बच्चियां चिल्लाते हुए मस्जिद से बाहर आ गईं। भीड़ ने पुलिस के शव उठाने का विरोध किया। एसपी से नोकझोंक और एएसपी की गाड़ी को तोड़ने का प्रयास किया गया। मेरठ के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की।
14 of 16
गांगनौली गांव की बड़ी मस्जिद में विलाप करता मुफ्ती इब्राहिम
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
दोनों आरोपी मस्जिद में लेते थे दीनी तालीम
एसपी सूरज कुमार राय के अनुसार, आरोपियों ने बताया कि वे दोनों मस्जिद में दीनी तालीम लेते थे। उनको मुफ्ती इब्राहिम और कभी इसराना पढ़ाती थी। इब्राहिम उनको डांटने के साथ ही पिटाई कर देते थे। इसलिए गुस्से में परिवार को मारने की योजना बनाई। इसके लिए कई दिन से फिराक में लगे थे। उनको पता चला कि शनिवार को इब्राहिम देवबंद गए हैं तो दोपहर में दोनों मस्जिद में आए।
15 of 16
एसपी सूरज कुमार राय को खरी खोटी सुना रहे लोगों को रोकते पुलिसकर्मी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
दोनों नाबालिग आरोपी गिरफ्तार
मस्जिद में नीचे राजमिस्त्री द्वारा काम करने के लिए बसूली रखी हुई थी जिसको उठाकर ले गए। पहले इसराना पर वार किए और फिर बच्चियों पर वार कर दिया। इस तरह तीनों की हत्या कर दी गई। हत्या करने के बाद गांव के पास ही घूमते रहे। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आला कत्ल बसूली और एक चाकू बरामद किया गया है।
पांच माह की गर्भवती थी इसराना
इसराना लोनी की रहने वाली थी और मुफ्ती इब्राहिम से उसका निकाह सात साल पहले हुआ था। निकाह के बाद इब्राहिम कई साल तक इसराना के साथ लोनी की मस्जिद में रहे और तीन साल पहले यहां आए थे। इसराना की दो बेटियां थीं तो वह अब पांच महीने की गर्भवती थी। एसपी के सामने इब्राहिम ने इसकी पुष्टि की।