मेरठ के शास्त्री नगर स्थित सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों का गुस्सा उस वक्त सातवें आसमान पर पहुंच गया, जब आवास विकास की टीम बुधवार को सीलिंग की कार्रवाई के लिए पहुंची। सीलिंग और ध्वस्तीकरण की मार झेल रहे दुकानदारों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। धरने पर बैठे व्यापारियों ने दो टूक कहा कि चुनाव के समय वोट मांगने वाले नेता आज संकट की घड़ी में गायब हैं। अपनी जीवनभर की पूंजी को अपनी ही आंखों के सामने उजड़ता देख व्यापारियों ने जनप्रतिनिधियों पर संवेदनहीनता का आरोप लगाया।
व्यापारियों के एक गुट ने पुराने जख्मों को याद करते हुए कहा कि जब पूर्व में 661/6 का ध्वस्तीकरण हुआ था तब इन्हीं जनप्रतिनिधियों ने पटाखे फोड़कर और मिठाई बांटकर खुशियां मनाई थीं। आज जब पूरा बाजार सड़कों पर आ गया है और हजारों परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा है तब कोई भी नेता साथ देना तो दूर, ढांढस बंधाने तक नहीं पहुंचा। महिला दुकानदारों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जनप्रतिनिधियों का भविष्य में पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा।