यूपी के मथुरा जिले में छात्र की माैत के बाद जमकर हंगामा हुआ। परिजन ने स्कूल में तोड़फोड़ की। मासूम का शव रखकर राधाकुंड-छटीकरा रोड जाम कर दिया। पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी माैके पर पहुंच गए।
विज्ञापन
1 of 6
छात्र की माैत पर हंगामा करते परिजन।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मथुरा के थाना जैत क्षेत्र के गांव राल स्थित तिलक सिंह इंटर कॉलेज के गेट पर बृहस्पतिवार सुबह स्कूल बस की चपेट में आने से कक्षा दो के सात वर्षीय छात्र की मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक और विद्यालय प्रबंधन के अधिकारी मौके से भाग गए। उधर, गुस्साए परिजन और ग्रामीणों ने कॉलेज परिसर में जमकर तोड़फोड़ की। राल चौराहे पर बालक का शव रखकर राधाकुंड-छटीकरा रोड जाम कर दिया। करीब साढ़े तीन घंटे तक हंगामा चला। तीन थानों की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।
पेलखू गांव निवासी गंगदेव का बेटा नितिन (7) राल स्थित तिलक सिंह इंटर कॉलेज में कक्षा दो का छात्र था। बृहस्पतिवार सुबह वह रोजाना की तरह स्कूल बस से करीब आठ बजे विद्यालय पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विद्यालय के गेट पर बस पहुंचने के बाद बच्चे नीचे उतर रहे थे। जब नितिन बस से उतरकर स्कूल की ओर जा रहा था, तभी चालक ने बस चला दी।
स्कूल में तोड़फोड़ करती आक्रोशित भीड़।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अचानक बस चलने से नितिन गिर गया और बस का पिछला पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। गंभीर रूप से घायल नितिन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बालक के परिजन विद्यालय पहुंच गए। बेटे को लहूलुहान हालत में शव देख परिजन में चीत्कार मच गई। नितिन के पिता गंगदेव बेटे को गोद में रखकर विलाप करते रहे। आरोप है कि इस दौरान विद्यालय प्रबंधन के लोग मौके से भाग गए।
विज्ञापन
3 of 6
स्कूल में भीड़ ने किया हंगामा।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सूचना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस भी आ गई। गुस्साए परिजन और ग्रामीण कॉलेज परिसर में घुस गए। पुलिस के सामने ही कॉलेज के मुख्य गेट, दरवाजों और खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। हंगामा करने के बाद ग्रामीण बालक के शव को लेकर छटीकरा-राधाकुंड मार्ग स्थित राल के हरिओम धर्मकांटा चौराहे पर पहुंचे। सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीण चालक की गिरफ्तारी और विद्यालय के खिलाफ सीलिंग की मांग करने लगे।
4 of 6
स्कूल में हंगामा करते परिजन।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हंगामे और सड़क जाम की सूचना पर जैत समेत वृंदावन और गोवर्धन थाने का फोर्स मौके पर पहुंच गया। ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। इस बीच आक्रोशित लोगों की पुलिस से नोकझोंक हो गई। तहसीलदार अमित त्रिपाठी और सीओ सदर वरुण मिश्रा भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजन और ग्रामीणों को मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और पीड़ित परिवार की हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खुलवाया गया। स्थानीय लोगों और घटना के प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि हादसे के समय चालक नशे में था। हालांकि पुलिस इस आरोप की जांच की बात कह रही है।
विज्ञापन
5 of 6
मासूम की माैत से परिवार में कोहराम मच गया।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मौके पर पहुंचे कुंवर नरेंद्र सिंह, ढांढस बंधाया
हंगामे के दौरान राष्ट्रीय लोकदल के नेता कुंवर नरेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजन से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की। उधर, पुलिस का कहना है कि बस चालक की तलाश की जा रही है। परिजन की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि नितिन के पिता मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। उनके दो बेटे और दो बेटी थे, जिनमें नितिन सबसे छोटा बेटा था।
हंगामे पर पुलिस ने पकड़े दो युवक, ग्रामीणों ने छुड़ाया
जाम को खुलवाने के लिए पुलिस ने काफी प्रयास किया, लेकिन परिजन और ग्रामीण तत्काल कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। इसी बीच पुलिस ने सड़क पर बैठे लोगों को हटा दिया। इस पर ग्रामीणों और ज्यादा आक्रोशित हो गए। उनकी पुलिस ने झड़प हो गई। पुलिस ने दो युवकों को पकड़ लिया, जिसके बाद पुलिस और ग्रामीणों में धक्का-मुक्की हो गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।