फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुड़िया पूर्णिमा मेला: गिरिराजजी की परिक्रमा को उमड़ा भक्तों का हुजूम, जयकारों की रही गूंज; देखें तस्वीरें

Wed, 09 Jul 2025 12:01 AM IST
अरुन पाराशर संवाद न्यूज एजेंसी, मथुरा

सार

मथुरा के गोवर्धन में आयोजित मुड़िया पूर्णिमा मेला में श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ रहा है। आस्था के मिनी कुंभ के नाम से विख्यात मुड़िया मेला में भक्ति और प्रकृति के अनूठे नजारे दिखाई दे रहे हैं। गर्मी और उमस भी श्रद्धालुओं के कदम नहीं रोक पा रही है।
विज्ञापन
1 of 11
गोवर्धन परिक्रमा देते श्रद्धालु। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मथुरा के गोवर्धन में ब्रजभूमि गिरिराजजी का वैभवगान कर रही है। गोवर्धन की धरा श्रद्धालुओं से भरी पड़ी है। तलहटी की गलियां हों या परिक्रमा का पथ सभी गिरिराज महाराज के जयकारों व राधे-राधे से गुंजायमान हैं।

मुड़िया पूर्णिमा मेले में मंगलवार को भी मनोकामना संजोए लाखों श्रद्धालु गिरिराज महाराज की शरण में पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की मानव शृंखला दिखाई दे रही है। गिरिराजजी की 21 किलोमीटर की परिक्रमा ही नहीं बल्कि समूचा मेला क्षेत्र में भक्तों का हुजूम दिखाई दे रहा है। आस्था के मिनी कुंभ के नाम से विख्यात मुड़िया मेला में भक्ति और प्रकृति के अनूठे नजारे दिखाई दे रहे हैं। गर्मी और उमस भी श्रद्धालुओं के कदम नहीं रोक पा रही है।


 
विज्ञापन

2 of 11
मुड़िया पूर्णिमा मेला। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मुड़िया पूर्णिमा मेला की शुरूआत 4 जुलाई को हुई है। समापन 10 जुलाई को मुड़िया शोभायात्रा के बाद हो जाएगा। इस दौरान पग-पग पर श्रद्धालुओं में भक्ति की धारा प्रवाहित हो रही है। आस्था का रेला मोक्ष और पुण्य की कामना के लिए उमड़ रहा है। गिरिराज महाराज की परिक्रमा के साथ श्रद्धालु गिरिराजजी पर दूध चढ़ा रहे हैं। दानघाटी मंदिर, मुकुट मुखरबिंद मंदिर, जतीपुरा मुखारबिंद मंदिर पर सुबह से दूध चढ़ाने का सिलसिला शुरू हो गया जो दोपहर बाद शृंगार तक चलता रहा। यहां सिर्फ मेले जैसा नजारा ही नहीं, श्रद्धा और भक्ति का समन्वय देखने को मिल रहा है। परंपरागत मुड़िया मेला का समापन बृहस्पतिवार को शोभायात्रा के साथ होगा। मुड़िया संतों की परंपरागत दो शोभायात्राएं सुबह और शाम को निकाली जाएंगी।


 
विज्ञापन

3 of 11
पूजा करते अधिकारी। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
डीएम एसएसपी ने किया आराध्य का दुग्धाभिषेक
मुड़िया पूर्णिमा मेला की सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने गोवर्धन पहुंचे डीएम, एसएसपी सहित तमाम मेला अधिकारियों ने दानघाटी गिरिराज मंदिर दुग्धाभिषेक किया। हाथ जोड़कर प्रभु के चरणों में मेला सकुशल संपन्न होने की प्रार्थना की। सेवायत पवन कौशिक ने पूजन कराया। मंगलवार दोपहर डीएम चंद्र प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने गिरिराज महाराज के दर्शन कर पूजा की। मंत्रोच्चार के साथ सेवायत पवन कौशिक ने विधिवत पूजा कराई। फूल अर्पित कर मेला संचालन में सफलता की कामना की गई। पवन कौशिक ने सभी को चुनरी व प्रसाद भेंट किया। 

 

4 of 11
मुड़िया मेला में उमड़ रहा श्रद्धालुओं का हुजूम। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अधिकारियों ने सप्त कोसीय परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरे, पुलिस फोर्स की तैनाती, आपात सेवाओं की व्यवस्था आदि की जानकारी ली। कहा कि श्रद्धालुओं से व्यवहार में कमी न दिखे। एसएसपी ने अधीनस्थों से कहा कि यह केवल ड्यूटी नहीं, सेवा का भी अवसर है। श्रद्धालुओं से अच्छा व्यवहार करें, यह मेला उनकी आस्था से जुड़ा है। इस अवसर पर अंशु कौशिक, व्यापार मंडल अध्यक्ष गणेश पहलवान, कन्हैया लाल शर्मा, हरिशंकर कौशिक, राजकुमार गुड्डू, भोला शर्मा, एडीएम प्रशासन अमरेश कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व पंकज कुमार वर्मा, एसपी ग्रामीण सुरेश चन्द्र रावत, एसडीएम नीलम श्रीवास्तव, सीओ अनिल कुमार सिंह आदि मौजूद रहे। 

 
विज्ञापन

5 of 11
रिवर पेट्रोलिंग भी की जा रही। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
जल से भी की जा रही निगरानी
मुड़िया पूर्णिमा मेला में श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था में जुटी पुलिस उन्हें जमीन के साथ पानी में भी सुरक्षा प्रदान कर रही है। मेले के नोडल प्रभारी एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने मंगलवार तड़के 4 बजे मोटर वोट में बैठकर फ्लड टीम के साथ रिवर पेट्रोलिंग बोट से मानसी गंगा, राधाकुंड और कुसुम सरोवर में पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। नोडल प्रभारी ने बताया कि राधाकुंड, कुसुम सरोवर तथा मानसी गंगा में फ्लड पुलिस बल की टीम निरंतर रिवर पेट्रोलिंग कर रही है। समस्त सरोवर की बैरिकेडिंग की गई है, जिससे बैरिकेडिंग को पार करके कोई गहरे पानी में स्नान के लिए न उतर जाए। सरोवर पर प्रशिक्षित गोताखोरों की 9 टीम लगाई गई हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि स्नान केवल मानसी गंगा के फव्वारे के जल में ही करें। इस दौरान सीओ अनिल कुमार सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक रवि त्यागी साथ रहे।

 
विज्ञापन

6 of 11
मुड़िया पूर्णिमा मेला। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
गिरिराज महाराज के जय घोष से संपूर्ण मेला स्थल गूंजने लगा है। परिक्रमा मार्ग में भीड़ बढ़ाने के साथ ही पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। भक्तों का कारवां तलहटी में गिरिराज पर्वत के दर्शन और पूजन को लालायित नजर आ रहे हैं। दानघाटी मंदिर में गिरिराज प्रभु को नमन कर भक्त परिक्रमा आरंभ कर रहे हैं। देश-विदेश के भक्तों के आने से तलहटी में अनेकता में एकता का नजारा जीवंत हो रहा है। गोवर्धन दानघाटी मंदिर, मानसी गंगा मुकुट मुखारविंद, जतीपुरा मुखारविंद मंदिरों पर रंग बिरंगी रोशनी अद्भुत छटा बिखेर रही है। मानसी गंगा में फव्वारे से भक्तों के लिए स्नान व आचमन की सुविधा की गई है। वहीं बरसाना, राधाकुंड, छटीकरा रोड पर सरकारी बसों का संचालन नहीं होने से यात्रियों को डग्गेमार वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। संवाद


 
विज्ञापन

7 of 11
मुड़िया पूर्णिमा मेला। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मानसी गंगा पर लगाए फव्वारे
नगर पंचायत गोवर्धन द्वारा मानसी गंगा पर 350 फव्वारे लगाए गए हैं, जिसमें भक्त स्नान कर सकें। महिलाओं को कपड़े बदलने के लिए चेंजिंग रूम बनाए गए है। यह जानकारी गोवर्धन नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष कुमार शर्मा ने दी है। मेले के अवसर पर गिरिराज परिक्रमा मार्ग में भीड़ का अत्यधिक दबाव रहता है। ऐसे में साथ में आए बच्चे, वृद्ध दिव्यांग, मरीज की जेब में मोबाइल नंबर, नाम व पते की पर्ची जरूर रखें।

 

8 of 11
मुड़िया मेला। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
भक्तों के कदमों में चुभ रहीं कंक्रीट
लगातार रुक-रुक कर बरसात होने के कारण सड़क में जगह-जगह कंक्रीट निकल आई हैं। कंक्रीट भक्तों के पैरों में चुभ रही हैं। मेले के दौरान बिजली की आंख मिचौली से हर कोई परेशान है। विशेष कर बाहर से आए हुए वह लोग जो यहां भंडारा करा रहे हैं। बिजली के बार-बार जाने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

 

9 of 11
मुड़िया पूर्णिमा मेला। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पैदल चल पहुंच रहे भक्त
आस्था के कारण भक्त एक किलोमीटर की दूरी पैदल चलकर परिक्रमा करने पहुंच रहे हैं। पार्किंग स्थल, रोडवेज बस स्टैंड सहित रेलवे स्टेशन से कई किलोमीटर दूर तक पैदल चलकर भक्त परिक्रमा करने पहुंच रहे हैं। रोडवेज बसों व वाहनों के कई रूट वन वे कर दिए हैं। मथुरा रोड पर जमुनावता व अड़ींग से परिक्रमार्थी पैदल पहुंच रहे है। यही स्थिति छाता व छटीकरा मार्ग की है।

 

10 of 11
मुड़िया मेला। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
महाप्रभु मंदिर में उत्सव प्रारंभ
प्राचीन मुड़िया शोभायात्रा के लिए गौर नित्य महाप्रभु मंदिर में तीन दिवसीय वार्षिक महोत्सव प्रारंभ हो गया। महंत गोपाल दास के निर्देशन में कार्यक्रम चल रहे हैं। इसमें अखंड हरीनाम संकीर्तन, सनातन गोस्वामी के पैर पूजन आदि कार्यक्रम होंगे। वहीं, राधाकुंड के पास होकर निकलने वाली मथुरा-अलवर रेलवे लाइन, कुंजेरा पंडाल गांव के रास्ते पर रेलवे द्वारा अंडरपास बनाए गए हैं। बरसात के कारण इनमें पानी भर गया है। मेले में हजारों की संख्या में इस मार्ग से आसपास के गांव के लोग परिक्रमा करने आते हैं।

 
विज्ञापन

11 of 11
मुड़िया पूर्णिमा मेला। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
श्रद्धालुओं की कर रहे सेवा
मेले में लगे शिविरों में बड़ी संख्या में लोग निस्वार्थ भाव से श्रद्धालुओं की सेवा कर रहे हैं। गांव मुखराई के रसखान जिनका असली नाम सलमान है ने अपनी कमाई का एक हिस्सा गिरिराज भक्तों की सेवा में अर्पित कर दिया है। इनके द्वारा परिक्रमा मार्ग में चलाई जा रही सेवा के तहत जल, गोलगप्पे, रूह अफजा आदि भक्तों को बांटा जा रहा है। सलमान का कहना है कारोबार से अर्जित कमाई का एक हिस्सा गिरिराजजी की परिक्रमा करने आए भक्तों की सेवा में लगाने से मन को प्रसन्नता मिलती है।परिक्रमार्थियों के लिए लोग अपनी कीमती जमीन पर पक्का शौचालय, स्नानगृह व विश्राम स्थल बना रहे हैं। यहां भक्तों के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई है। समाजसेवी अशोक गोस्वामी द्वारा की जा रही गिरिराज भक्तों की इस सेवा की समाज द्वारा प्रशंसा की जा रही है। शिविर में निशुल्क दवा की व्यवस्था भी है।

ये भी पढ़ें-UP: बालिका की दर्दनाक माैत...बारिश से खेत में भरा पानी, दोस्तों के साथ खेल रही बच्ची डूबी; मचा कोहराम

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें