फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Nepal Protest: गौरीफंटा बॉर्डर तक पहुंची नेपाल हिंसा की आग, भारतीय सीमा सील, सुरक्षा एजेंसियां मुस्तैद

Wed, 10 Sep 2025 10:47 AM IST
मुकेश कुमार संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी

सार

नेपाल में जेन-जी के उग्र प्रदर्शन से बिगड़े हालात को देखते हुए लखीमपुर खीरी में भारतीय सीमा को सील कर दिया गया। मंगलवार रात डीएम और एसपी गौरीफंटा सीमा पर पहुंचे और पैदल गश्त कर हालात का जायजा लिया। 
विज्ञापन
1 of 7
नेपाल के धनगढ़ी में हुई थी आगजनी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
नेपाल में हिंसक प्रदर्शन की आग मंगलवार को भारत के लखीमपुर खीरी जिले के गौरीफंटा की सीमा से सटे धनगढ़ी के कैलाली जिले में भी पहुंच गई। इसके बाद भारतीय सीमा सील कर दी गई। लखीमपुर खीरी की डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल और एसपी संकल्प ने शर्मा रात करीब साढ़े नौ बजे सीमा पर पहुंचकर एसएसबी जवानों के साथ पैदल गश्त की। पीलीभीत की नेपाल सीमा भी अघोषित तौर पर सील कर आवाजाही रोक दी गई है। 

धनगढ़ी में हजारों युवाओं ने सुदूर पश्चिम प्रदेश के मुख्यमंत्री के कार्यालय में नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। कार्यालय में घुसकर मुख्यमंत्री कमल बहादुर शाह सरकार और एक मंत्री की कार में तोड़फोड़ की। इस पर पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज भी किया। इस पर आंदोलनकारी वहां से निकलते हुए बाजार पहुंच गए और प्रदर्शन किया। 
विज्ञापन

2 of 7
यह तस्वीर नेपाल के धनगढ़ी की है, जहां प्रदर्शनकारियों ने आगजनी की - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सुदूर पश्चिम प्रदेश के राज्यपाल कार्यालय में भी घुसकर प्रदर्शनकारियों ने आगजनी व तोड़फोड़ की। महत्वपूर्ण कागजात भी जलकर राख हो गए। साथ ही उत्तर बेहड़ी में नेपाल की विदेश मंत्री आरजू राणा देउवा व नेपाली कांग्रेस पार्टी के सभापति व पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउवा के घर के बाहर भी आगजनी की। इसके अलावा धनगढ़ी स्थित प्रदेश सभा सचिवालय में भी तोड़फोड़ व आगजनी की गई। स्थिति को देखते हुए कैलाली प्रशासन ने कर्फ्यू लगा दिया है। 
विज्ञापन

3 of 7
गौरीफंटा बॉर्डर पर पहुंचे डीएम और एसपी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
डीएम व एसपी पहुंचे बॉर्डर
पड़ोसी राष्ट्र नेपाल में हुए घटनाक्रम के बाद लखीमपुर खीरी जिले से लगी भारत-नेपाल सीमा पर अलर्ट बढ़ा दिया गया है। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां मुस्तैद हो गईं हैं। मंगलवार की देर शाम डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल और एसपी संकल्प शर्मा खुद बॉर्डर पर पहुंचे। उन्होंने गौरीफंटा क्षेत्र में एसएसबी और स्थानीय पुलिस संग पैदल गश्त कर हालात का जायजा लिया।

4 of 7
गौरीफंटा सीमा - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बॉर्डर पर तैनात एसएसबी अधिकारियों ने डीएम-एसपी को जानकारी दी कि वर्तमान परिस्थितियों के मद्देनजर सीमा को एहतियातन सील कर दिया गया है। सीमावर्ती इलाकों में कड़ी निगरानी रखी जा रही है और चप्पे-चप्पे पर गहन पेट्रोलिंग हो रही है। सुरक्षा बल लगातार चौकसी में जुटे हैं ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। 
विज्ञापन

5 of 7
गौरीफंटा सीमा पर चेकिंग करते एसएसबी के जवान ( यह तस्वीर मंगलवार की है) - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है। उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों को निर्देश दिए कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करें। उन्होंने बॉर्डर पर तैनात सभी बटालियनों के कमांडेंट से बातचीत कर हालात की विस्तार से जानकारी ली और सभी से निरंतर अलर्ट मोड पर रहने को कहा।
विज्ञापन

6 of 7
सीमावर्ती इलाके में पुलिस अफसरों ने की गश्त - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
एसपी संकल्प शर्मा ने भी एसएसबी और स्थानीय पुलिस को सतर्कता बढ़ाने और मुस्तैदी के साथ सीमा की सुरक्षा में तैनात रहने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि सीमा की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नेपाल सीमा से लगे इलाकों के ग्रामीणों को भी प्रशासन ने सतर्क रहने की अपील की है। 
 
विज्ञापन
विज्ञापन

7 of 7
नेपाल के धनगढ़ी में मुख्यमंत्री कार्यालय के पास हुई आगजनी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
डीएम ने कहा कि किसी भी तरह की संदिग्ध हलचल दिखने पर तुरंत स्थानीय पुलिस या प्रशासन को सूचित करें। नेपाल में हालिया घटनाक्रम को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा का यह पहरा आम दिनों से कहीं ज्यादा कड़ा कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि जब तक हालात सामान्य नहीं हो जाते, तब तक बॉर्डर के इलाकों में चौकसी जारी रहेगी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें